दुनिया का ठंडा रुख देखकर पाकिस्तान को अफगानिस्तान के हालात को लेकर चिंता लगातार सताने लगी है। अब पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मोईद यूसुफ ने कहा है कि अफगानिस्तान को लेकर दुनिया की इंतजार करो और देखो की नीति सही नहीं है। इससे ये देश गहरे आर्थिक संकट में फंस जाएगा। इसके साथ ही यूसुफ ने दुनिया को अलकायदा और आईएस का भी डर दिखाने की कोशिश की।
इन दिनों पाकिस्तान से ज्यादा तालिबान की बात करने वाले यूसुफ ने कहा कि अफगानिस्तान को अकेला छोड़ देने पर यह भी आतंकवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन सकता है। पाकिस्तान ने इससे पहले इसी महीने खुफिया एजेंसी आईएसआई के चीफ लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद को काबुल भेजा था।
बता दें कि करीब महीने पहले मोईद ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर दुनिया ने अफगानिस्तान की मदद नहीं की तो एक बार फिर 9-11 जैसी आतंकी घटना हो सकती है। इसे लेकर विवाद हुआ था और उनकी जमकर किरकिरी हुई थी जिसके बाद पाकिस्तान की तरफ से सफाई दी गई कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।