पुलवामा हमले को अपनी करतूत बताने वाले आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद को बचाने के लिए पाक की सेना ने नई चाल चली है। पाक की सेना ने कहा है कि जैश-ए-मोहम्मद पाकिस्तान में मौजूद ही नहीं है। पाक की सेना का यह बयान तब आया है जब हाल में देश के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने दावा किया था कि इस आतंकी संगठन का सरगना मसूद अजहर पाकिस्तान में मौजूद है।
इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक मेजर जनरल आसिफ गफूर ने कहा, ‘जैश-ए-मोहम्मद पाकिस्तान में नहीं है। यह संयुक्त राष्ट्र और पाकिस्तान के द्वारा प्रतिबंधित है।’ वहीं उनसे जब यह सवाल किया गया कि क्या पुलवामा हमले के बाद दोनों देश युद्ध के कगार पर खड़े हैं?
उन्होंने सीएनएन से बातचीत में कहा, ‘मैं कहूंगा कि युद्ध के करीब थे क्योंकि उन्होंने (भारत) हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया, हमने जवाब दिया। एलओसी पर हम आमने-सामने थे। दशकों से एलओसी पर सैनिक मौजूद हैं, लेकिन भारत की कार्रवाई और उसके बाद हमारे जवाब के चलते दोनों पक्षों ने सुरक्षा उपाय किए हैं।’