कोरोना महामारी के दौरान ओमान से 50,000 से अधिक भारतीयों को पिछले तीन महीनों के दौरान सकुशल वापस स्वदेश लाया गया। मस्कट में भारतीय दूतावास के हवाले से दी टाइम्स ऑफ ओमान ने छापा कि मई में कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ ही सामाजिक संगठनों और कंपनियों ने 198 चार्टर्ड विमान बुक कर 35,000 भारतीयों को वापस भेजा।
इसके साथ ही भारत सरकार के वंदे भारत मिशन के तहत 97 उड़ानों के जरिये 17,000 भारतीयों को भारत लाया गया। ओमान में भारतीय दूतावास के सेकंड सेक्रेटरी अनुज स्वरूप ने बताया कि नौ मई से यहां वंदे भारत मिशन अभियान शुरू किया गया और अबतक 105 उड़ानों का संचालन किया गया।
स्वरूप ने बताया कि भारत सरकार की आने वाले दिनों में वंदे भारत मिशन के तहत पांचवां चरण शुरू करने की योजना है। इसके तहत अगस्त के शुरुआती 15 दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों के लिए 19 उड़ानों का परिचालन किया जाएगा।
ओमान में अबतक तक 79,159 कोरोना संक्रमण के मामले और 422 मौत की पुष्टि हुई है। वहीं महामारी के चलते अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है जिसके चलते कई लोग बेरोजगार हो गए हैं।