अमेरिका में ओमिक्रॉन के चलते यात्रा योजनाएं प्रभावित
ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते प्रसार के चलते लाखों अमेरिकी बेहद सतर्कता के साथ छुट्टी के मौसम में यात्रा योजनाएं बना रहे हैं। इनमें से कई लोगों को अपनी यात्रा के दिन कम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मिसिसिपी में हैमिल्टन ब्रॉडवे शो इस सप्ताह रद्द कर दिया गया। इस कारण कई लोग यहां आकर सिर्फ पर्यटक ही बन सके। यही नहीं न्यूयॉर्क और वाशिंगटन में भी ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए क्रिसमस पर कई रंगारंग कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। ऐसे में कई यात्री अपने कार्यक्रम या तो रद्द कर रहे हैं अथवा सिर्फ घूमने के लिए आवाजाही कर रहे हैं।
2022 में ‘ओमिक्रॉन’ के सर्वाधिक केस आने की आशंका
देश के विशेषज्ञों का मानना है कि ओमिक्रॉन संस्करण के 2022 में सबसे अधिक मामले सामने आ सकते हैं। वहीं, उनका मानना है कि कोरोना के ‘डेल्टा’ स्वरूप की तुलना में ‘ओमिक्रॉन’ वैरिएंट रोग प्रतिरोधक क्षमता को अधिक मात दे रहा है। सिंगापुर के विशेषज्ञों का कहना है कि बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि ‘ओमिक्रॉन’ स्वरूप कितना खतरनाक है। उन्होंने कहा कि महामारी कब खत्म होगी, इसका पूर्वानुमान लगाने की कोशिश करना निरर्थक है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ नताशा हॉवर्ड ने कहा, ऐसा प्रतीत होता है कि 2022 में विश्व में ‘ओमिक्रॉन’ स्वरूप के सबसे अधिक मामले सामने आएंगे।
अमेरिका : एच-1बी वीजा नियमों में साक्षात्कार से छूट
कोरोना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए माना जा रहा है कि अगले साल भी महामारी से निजात मिलना मुश्किल है। ऐसे में वर्किंग वीजा के आवेदकों को अमेरिका के वाणिज्य दूतावास में व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहकर साक्षात्कार देने की अब जरूरत नहीं होगी।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इसके लिए कांसुलर अधिकारियों को अस्थायी रूप से मंजूरी दी गई है कि वह 31 दिसंबर, 2022 तक कुछ श्रेणियों में निजी पिटिशन-आधारित गैर अप्रवासी वर्क वीजा के लिए व्यक्तिगत साक्षात्कार से राहत देंगे।
इनमें एच-1क्च वीजा, एच -3 वीजा, एल वीजा, ओ वीजा शामिल हैं। बता दें, एच-1बी वीजा अमेरिका में काम करने के लिए कंपनियां जारी करती हैं जबकि एल-1 मैनेजरों, कार्यकारियों व विशेषज्ञता रखने वालों को जारी होता है। ओ-1 वीजा असाधारण प्रतिभा वाले लोगों को जारी होता है। इनमें एच-1बी भारतीयों में खासा लोकप्रिय है।
महामारी से वीजा प्रक्रिया क्षमता घटी
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण विभाग की वीजा प्रक्रिया क्षमता में काफी कमी आई है। अब जैसे-जैसे वैश्विक यात्रा फिर से शुरू हो रही है तो ऐसे में हम ये अस्थाई कदम उठा रहे हैं। इससे वीजा के लिए इंतजार के समय को सुरक्षित और प्रभावी तरीके से कम किया जा सकेगा। इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा को हम अपनी प्राथमिकता बनाए रखेंगे।