महामारी के स्थायी हल की शुरूआत टीकों से हो : यूएन में भारत
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने एक अहम बैठक में कहा कि यदि हमें महामारी से स्थायी रूप से उबरना है, तो इसकी शुरुआत टीकों से होनी चाहिए। वह ‘कोविड-19 महामारी से उबरने के संदर्भ में स्थायी शांति और सतत विकास को बढ़ावा देना’ विषय पर भारत की ओर से अपनी राय रख रहे थे।
उन्होंने कहा, कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट उभरने के बाद भारत ने अफ्रीका में प्रभावित देशों को तुरंत सहायता की पेशकश की, जिसमें भारत में बने टीके, आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं और चिकित्सा उपकरण की आपूर्ति शामिल है।
कनाडा : अनावश्यक यात्राएं रोकने का सुझाव
ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते केस देख कनाडा सरकार ने देशवासियों से अनावश्यक यात्राएं रोकने को कहा है। देश के ओंटारियो में एनबीए और एनएचएल खेलों जैसे कार्यक्रमों में दर्शक संख्या भी 50 प्रतिशत तक घटा दी है। ओंटारियो प्रमुख डग फोर्ड ने सोमवार से टीके की तीसरी खुराक के निर्देश दिए हैं।
ओमिक्रॉन से संक्रमण 70 गुना अधिक तेजी से फैल सकता है
यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग के वैज्ञानिकों ने कहा है कि कोरोना का ओमिक्रॉन वेरिएंट 70 गुना अधिक तेजी से संक्रमण फैला सकता है। हालांकि इससे गंभीर खतरे की आशंका कम है। शोधकर्ताओं ने ये दावा श्वास नलिका के एक्स-विवो कल्चर के बाद किया है। एक्स-विवो कल्चर की मदद से वैज्ञानिक ये जानना चाहते हैं कि आखिर कैसे ओमिक्रॉन वेरिएंट कोरोना के मूल वेरिएंट से अलग है।
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में बनेगा पूनावाला वैक्सीन रिसर्च केंद्र...
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने घोषणा की है कि कैंपस में पूनावाला वैक्सीन रिसर्च केंद्र खोलने की तैयारी चल रही है। इसके लिए पूनावाला ने पांच करोड़ पाउंड का फंड देने की प्रतिबद्धता जताई है।