अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि भारत के साथ व्यापार समझौते को लेकर अभी तुरंत कुछ होने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने उन सभी मुद्दों की पहचान कर ली है, जिन पर अभी सहमति नहीं बनी है।
क्या समझौते पर अभी नहीं होगा फैसला?
ग्रीर ने गुरुवार को मिलवॉकी में जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यापार समझौते पर हुई प्रगति का जायजा लेने के लिए जल्द ही फिर फोन पर बात कर सकते हैं।
उन्होंने बुधवार शाम जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से इतर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की थी। दोनों के बीच आपसी लाभ वाले अंतरिम व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने को लेकर सार्थक बातचीत हुई।
ग्रीर ने कहा, मंत्री गोयल और मेरे बीच बहुत रचनात्मक बातचीत हुई। दोनों देशों के अधिकारी इस समय बातचीत कर रहे हैं। अमेरिकी अधिकारी भारत में हैं और दोनों पक्षों के अधिकारी एक-दूसरे के साथ काम कर रहे हैं।
क्या बातचीत अंतिम दौर में पहुंची?
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने कहा कि अमेरिका लगातार भारत के साथ व्यापार समझौता पूरा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि समझौते को लेकर बातचीत अब अंतिम दौर में है। उनके मुताबिक, दोनों पक्ष समझौते के अंत के करीब हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार सुबह बहुत रचनात्मक फोन पर बातचीत की थी।
ये भी पढ़ें:
ईरान पर नए हमलों की तैयारी?: 9000 सैनिक पश्चिम एशिया भेज रहा अमेरिका, ट्रंप ने दी धमकी; क्या होगा अगला कदम?
किन मुद्दों पर अभी सहमति बाकी है?
ग्रीर ने कहा, इसके साथ ही, मुझे नहीं लगता कि अभी तुरंत कुछ होने वाला है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने उन सभी मुद्दों की पहचान कर ली है, जिन पर अभी सहमति नहीं बनी है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष पूरी कोशिश कर रहे हैं। ग्रीर ने कहा कि उन्हें लगता है कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी इस मुद्दे पर बहुत जल्द फिर फोन पर बात कर सकते हैं। दोनों नेता इस बातचीत में प्रगति और मौजूदा स्थिति का जायजा ले सकते हैं।
बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी और ट्रंप ने दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण तकनीक और आपसी हित के दूसरे क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की थी।
व्यापार समझौते की अब तक क्या स्थिति है?
भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण की रूपरेखा को अंतिम रूप देने का एलान किया था। हालांकि, अमेरिका की टैरिफ व्यवस्था में बदलाव के कारण इस समझौते को लेकर आगे बातचीत हुई है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 24 सितंबर को कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता 'पूरी तरह तैयार' है। उन्होंने कहा था कि अमेरिका जब भारत को अमेरिकी बाजार में अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले उचित प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त देगा, तब इसे लागू किया जाएगा। अमेरिकी बाजार में भारत के प्रतिस्पर्धियों में आसियान देश, चीन और बांग्लादेश शामिल हैं।