उत्तरी-पश्चिमी तुर्किये में सोमवार को इस्लामिक स्टेट के आतंकियों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। इस हिंसक झड़प में तीन पुलिस अधिकारियों और इस्लामिक स्टेट के छह आतंकियों की मौत हो गई।
तुर्किये के गृह मंत्री ने बताया कि इस झड़प में कम से कम आठ अन्य पुलिसकर्मी और एक अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह गोलीबारी इस्तांबुल के दक्षिण में स्थित यालोवा प्रांत के एल्माली जिले में हुई, जब पुलिस ने उस घर पर छापा मारा जहां आतंकवादी छिपे हुए थे।
आईएसआईएस के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा तुर्किये
उन्होंने बताया कि तुर्किये की ओर से आईएसआईएस के आतंकियों के खिलाफ अभियान को मजबूत करने के लिए पड़ोसी प्रांत बर्सा से विशेष बलों को भेजा गया था। निजी समाचार चैनल एनटीवी की रिपोर्ट के अनुसार जैसे ही झड़प सड़कों तक फैली, इलाके के पांच स्कूल दिनभर के लिए बंद कर दिए गए।
अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर प्राकृतिक गैस और बिजली की आपूर्ति भी काट दी, जबकि नागरिकों और वाहनों को इलाके में प्रवेश करने से रोक दिया गया। पिछले सप्ताह, पुलिस ने एक साथ कई छापे मारे और चरमपंथी समूह के 115 आतंकवादियों को हिरासत में लिया था।
ये भी पढ़ें: Indonesia Boat Accident: हादसे के तीन दिन बाद फुटबॉल कोच के परिवार की महिला का शव मिला, तलाश अभियान भी भी जारी
2017 में ISIS के आतंकियों ने किया था हमला, मारे गए थे 39 लोग
हिरासत में लिए गए आतंकियों पर क्रिसमस और नए साल के जश्न को निशाना बनाकर हमले करने की योजना बनाने का आरोप था। अधिकारियों ने बताया कि समूह ने विशेष रूप से गैर-मुसलमानों के खिलाफ, उत्सवों के दौरान कार्रवाई का आह्वान किया था।
आईएस ने हाल के वर्षों में तुर्की में कई घातक हमले किए हैं, जिनमें 1 जनवरी, 2017 को नए साल के समारोह के दौरान इस्तांबुल के एक नाइट क्लब में हुई गोलीबारी भी शामिल है, जिसमें 39 लोग मारे गए थे।
अन्य वीडियो