अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा है कि उत्तर कोरिया द्वारा हाल ही में किया गया मिसाइल परीक्षण विश्वासघात नहीं था। ट्रंप ने कहा, "वो शॉर्ट रेंज की मिसाइल है और मैं इसे विश्वासघात नहीं मानता। और, क्या आप जानते हैं, कुछ बिंदुओं पर मैं मान सकता हूं, लेकिन इस बिंदू पर मैं नहीं मानता।"
बता दें उत्तर कोरिया ने गुरुवार को मध्यम दूरी की दो मिसाइलों का प्रक्षेपण किया था। दक्षिण कोरियाई सेना के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी थी।
उत्तर कोरिया ने पांच दिनों के अंदर यह दूसरी मिसाइल प्रक्षेपित की है, जिससे कोरियाई देशों के बीच संबंध सुधार और अमेरिका एवं उत्तर कोरिया के बीच परमाणु वार्ता के भविष्य को लेकर आशंकाएं बढ़ गयी हैं।
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ और रक्षा मंत्रालय के अनुसार मिसाइलों ने क्रमश: 420 किलोमीटर और 270 किलोमीटर की दूरी तय की। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) ने कहा कि देश के नेता किम जोंग उन ने गुरुवार को हथियारों की परीक्षण प्रक्रिया का नेतृत्व किया। हालांकि इसमें मिसाइलों के किस्म की जानकारी नहीं दी गई थी।
उत्तर कोरिया के आधिकारिक ‘रोडोंग सिनमुन’ अखबार ने तस्वीरें प्रकाशित की हैं जिसमें किम रॉकेट लांच के समय दूरबीन लगाए हुए मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ये कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल हैं।
इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि उनका उत्तर कोरियाई नेता के साथ अच्छा संबंध है लेकिन उनका मानना है कि उनका किम जोंग उन के प्रति विश्वास कुछ कम हो सकता है। सिंगापुर में ट्रंप के साथ हुए पहले शिखर सम्मेलन के बाद किम ने कहा था कि वह अपना परमाणु कार्यक्रम बंद कर देंगे लेकिन जब दोनों के बीच हनोई में हुआ दूसरा शिखर सम्मेलन विफल रहा तो किम ने मिसाइल परीक्षण का काम शुरू कर दिया।