प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम 'मन की बात' की 100वीं कड़ी को रविवार को इंडिया हाउस में भी सुना गया। इसको सुनने के बाद उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी ने कहगा कि यह समुदाय आधारित कार्यक्रम सभी के लिए एक साथ जुड़ने का एक अच्छा अवसर है। उन्होंने कहा, 'मन की बात' के 100वें एपिसोड में उच्चायोग में अपने समुदाय के लोगों की मेजबानी करना बहुत खुशी की बात है। इसे सामुदायिक कार्यक्रम का रूप देने का विचार काफी खास है। आप देख सकते हैं कि लंदन में 1.8 मिलियन लोगों के समुदाय में इसका हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्साह है।
न्यूजीलैंड में प्रवासी भारतीय समुदाय की महिलाओं ने मनाया जश्न
'मन की बात' कार्यक्रम के 100 एपिसोड पूरे होने के मौके पर प्रवासी भारतीय समुदाय की 100 से अधिक महिलाओं ने रविवार को जश्न मनाया। इन महिलाओं में रामी बेन शामिल थीं, जो 100 साल की हैं, इस उम्र में भी उनका उत्साह कम नहीं था। रामी बेन ने पीएम मोदी को अपना आशीर्वाद देते हुए कहा, मन, तन और धन से खुश रहो, ये आपके लिए मेरा आशीर्वाद है। आपको अच्छा स्वास्थ्य, धन और मन मिले। इस बीच, कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के पूर्व उप प्रधान मंत्री विंस्टन पीटर्स ने भी भाग लिया।
पीटर्स ने कहा, इस कार्यक्रम में आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह प्रधानमंत्री मोदी के लाइव संबोधित का मौका है, जिनसे मुझे कई बार मिलने का सौभाग्य मिला है। यह 'मन की बात' कार्यक्रम दिल से बातचीत है। मुझे इस कार्यक्रम के 100वें एपिसोड के मौके पर शामिल होने पर गर्व है। पीएम मोदी के 'मन की बात' की 100वीं कड़ी को न सिर्फ भारत में बल्कि दुनियाभर में सुना गया।