हाल ही में मकवानपुर जिला स्थित एक रिसॉर्ट में हीटर से गैस लीक होने के चलते आठ भारतीय पर्यटकों की मौत के बाद नेपाल सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। बुरे सुरक्षा इंतजामों और प्रबंधन की कमजोरियों के चलते नेपाल सरकार ने होटल का लाइसेंस तीन माह तक निलंबित कर दिया है। यानी सुरक्षा खामियों की वजह से यह होटल अब तीन माह तक बंद रहेगा।
मकवानपुर जिले के थाना नगर पालिका दमन स्थित एवरेस्ट पैनोरमा रिसॉर्ट में 21 जनवरी को चार बच्चों समेत केरल के आठ पर्यटकों की मौत दम घुटने से हुई थी। उस वक्त होटल में कुल 15 भारतीय पर्यटक मौजूद थे। इस घटनाक्रम के बाद बिठाई गई समिति की जांच में पाया गया कि होटल में न तो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था थी और न ही अतिथियों को उचित सेवा मुहैया कराई जा रही थी। इसके इलावा रिसॉर्ट के लिए निर्धारित मानकों का भी वहां पालन नहीं किया जा रहा था।
नेपाल के अखबार काठमांडू पोस्ट ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि यदि रिसॉर्ट को तीन माह बाद दोबारा शुरू करना है तो होटल प्रबंधन को अपनी सेवाएं सुधारनी होंगी। बता दें कि घटना के बाद संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने पर्यटन विभाग के निदेशक सुरेंद्र थापा के नेतृत्व में जांच समिति गठित की थी।
पैनोरमा रिसॉर्ट में केरल के 15 पर्यटकों के लिए चार कमरों की बुकिंग की गई थी। यहां 21 जनवरी को एक कमरे में आठ लोग रुके, जहां हीटर की गैस लीक होने के चलते दम घुटने से सभी की मौत हो गई। मृतकों में प्रवीण कुमार नायर (39), शरण्या (34), रंजीत कुमार (39), इंदु रंजीत (34), श्री भद्रा (9), अबिनाब सोरया (9), अबी नायर (7) और वैष्णव रंजीत (2) हैं।