केपी शर्मा ओली और पीएम मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
महात्मा गांधी की 151वीं जयंती के मौके पर भारत की ओर से नेपाल को 40 से अधिक एंबुलेंस उपहार के तौर पर दी गई हैं। ये सुविधाएं वहां के 29 जिलों में काम कर रहे एनजीओ को मिली हैं। इन संगठनों ने मदद के लिए भारत के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है। इसके अलावा विभिन्न परियोजनाओं के तहत भारत की ओर से अनेकों स्कूल बस, एंबुलेंस, किताबें व स्वास्थ्य की अन्य सुविधाएं भी प्रदान की गई हैं।
भारत की ओर दी जा चुकी हैं स्कूल बस, एंबुलेंस, किताबों की अन्य सुविधाएं
भारतीय दूतावास ने 1994 से अब तक एडवांस लाइफ सपोर्ट, बेसिक लाइफ सपोर्ट और कॉमन लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस समेत करीब 823 एंबुलेंस उपहार में दी हैं। जिस संगठन ने एंबुलेंस की सुविधा हासिल की उसने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है और कहा है कि यह उनके क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर बनाने में बहुत योगदान देगा।
बापू सैनिक संघ के प्रतिनिधि के तौर पर हवलदार तुला गिरी काठमांडू से धारचूला आए और एंबुलेंस की सुविधा प्राप्त की। उन्होंने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे बीमार लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, मैं बहुत खुश हूं। हमें एंबुलेंस देने के लिए मैं दूतावास को शुक्रिया कहना चाहूंगा। अब धारचूला में सड़क का भी निर्माण कराया जा रहा है, अब हम अपने भाईयों एवं बहनों की जिंदगी बचाने में कामयाबी हासिल करेंगे।
एंबुलेंस की सुविधा प्राप्त करने वाले काठमांडो के नागार्जुन नगर निगम स्थित कम्यूनिटी सर्विस सेंटर की प्रतिनिधि सरला श्रेष्ठ ने कहा, यह हमारे लिए गर्व का क्षण है जब भारत नेपाल सहयोग के तहत भारतीय दूतावास की ओर से हमें एंबुलेंस की सुविधा दी गई। हमारे नगर निगम में करीब 35 हजार घर हैं। इस एंबुलेंस की सुविधा से हम उनकी मदद कर पाएंगे।