नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली (फाइल फोटो)
नेपाल में राजनीतिक उठापठक जारी है। नेपाल की सत्तारूढ़ नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) में खुलकर सामने आई दरार के बीच पार्टी की स्थायी समिति की बैठक एक बार फिर से टल गई है। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के मीडिया सलाहकार सूर्य थापा ने जानकारी दी कि एनसीपी की स्थायी समिति की बैठक आठ जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
हालांकि, स्थायी समिति की बैठक को स्थगित करने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के नेता पुष्प कमल दहल प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के साथ बैठक करने के लिए बलुवतरा पहुंचे हैं।
इससे पहले शनिवार को होने वाली स्थायी समिति की बैठक सोमवार तक के लिए टाल दी गई थी। इसमें नेपाली प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के भाग्य का फैसला होना था। पीएम ओली के मीडिया सलाहकार सूर्य थापा ने कहा था कि बैठक सोमवार तक के लिए टल गई है क्योंकि नेपाला कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं को और अधिक समय चाहिए।
दरअसल, भारत का विरोध करना नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। नेपाली पीएम के हाथ से उनकी कुर्सी भी जा सकती है। सत्तारूढ़ नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) की स्थाई समिति के 40 में से 33 नेता ओली के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।