जमानत याचिका खारिज होने के बाद शहबाज शरीफ
- फोटो : पीटीआई (फाइल)
पाकिस्तान में विपक्ष के नेता और अपने भाई शाहबाज शरीफ की गिरफ्तारी से बौखलाए पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने इमरान खान और पाकिस्तानी संसद को पाकिस्तानी सेना की कठपुतली बताया है। नवाज शरीफ ने बिना नाम लिए सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्होंने संसद को अपना रबर स्टांप बना दिया है और इस वक्त पाकिस्तानी हुकूमत की ओर से लिया जाने वाला हर फैसला संसद में नहीं सेना मुख्यालय में लिया जाता है।
अपने इलाज के सिलसिले में नवाज शरीफ नवंबर से अब तक लंदन में ही हैं और वहीं से अपनी पार्टी की बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। वीडियो संदेश भेज रहे हैं, वर्चुअल मीटिंग कर रहे हैं। अपनी बेटी मरियम शरीफ के उस बयान को उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान के सारे अहम फैसले सेना मुख्यालय में क्यों लिए जा रहे हैं और देश को कोई तीसरी ताकत चला रही है। इमरान खान को देश चलाने में एकदम नाकाबिल बताते हुए उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख को ऐसे ही लोगों की जरूरत है जो उनके इशारे पर चल सके और वो खुद देश विदेश में अकूत संपत्ति बना सकें।
कुछ ही दिन पहले नवाज ने बाजवा की संपत्तियों पर सीधे तौर पर सवाल उठाया था और कहा था कि आखिर कैसे कोई सेना का कमांडर कुछ ही साल में अरबों का मालिक हो सकता है। उन्होंने बाजवा की संपत्तियों की जांच कराने की भी बात कही थी। गौरतलब है कि जब से पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की पहल पर विपक्षी एकता की कोशिशें तेज हुई हैं और पीएमएल (एन) और पीपीपी समेत तमाम पार्टियां एक मंच पर आई हैं, इमरान सरकार ने इस एकता को तोड़ने की कोशिशें तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पिछले दिनों नवाज के भाई शाहबाज को मनी लांड्रिंग के मामले में अचानक गिरफ्तार कर लिया गया और देश की जवाबदेही ब्यूरो ने उनपर करोड़ों के घपले का आरोप लगाया। अब शाहबाज को पंद्रह दिनों के रिमांड पर भेज दिया गया है। मरियम ने साफ तौर पर कहा कि उनके चाचा को अपने भाई का साथ देने की सजा मिल रही है।
उधर पाकिस्तान सरकार ने नवाज को लंदन से वापस लाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। पाकिस्तान के अखबार डॉन के मुताबिक इमरान मंत्रिमंडल में नवाज को वापस लाने की रणनीति पर बात हुई और कहा गया कि लंदन में बैठकर इमरान सरकार के खिलाफ जहर उगलने से बेहतर है कि वो वापस आकर पाकिस्तानी अदालतों में अपने खिलाफ चल रहे मामलों का सामना करें। दूसरी तरफ नवाज शरीफ ने लंदन से ही एक इंटरव्यू में आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ पिछले कई सालों से साजिशें चल रही थीं और 2014 में तत्कालीन आईएसआई प्रमुख जहीर उल इस्लाम ने उन्हें धमकी दी थी कि वो इस्तीफा दें नहीं तो देश में मार्शल लॉ लगा दिया जाएगा। तब पाकिस्तान में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन हो रहे थे।