प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस दौरे पर हैं। भारतीय समुदाय को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी रात्रिभोज के लिए एलिसी पैलेस पहुंचे हैं। यहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिगिट मैक्रॉन ने उनका स्वागत किया। मैक्रों ने पीएम मोदी के लिए निजी रात्रिभोज की मेजबानी की। इस अवसर पर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम नरेंद्र मोदी को फ्रांस के सर्वोच्च पुरस्कार ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने किया ट्वीट
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों ने पीएम नरेंद्र मोदी को फ्रांस के सर्वोच्च पुरस्कार ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। यह गर्मजोशी भरा कदम भारत-फ्रांस साझेदारी की भावना को दर्शाता है।
कारोबारी संबंध बढ़ाने पर जोर
भारत-फ्रांस के बीच गहरे रणनीतिक संबंध होने के बाद भी दोनों के बीच कारोबारी रिश्ता बहुत उत्साहजनक नहीं है। 2010 से 2021 तक दोनों देशों के द्विपक्षीय कारोबार में करीब 4 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है। वैश्विक स्तर पर दोनों देश रणनीतिक हित साझा करते हैं, इस लिहाज से दोनों देशों का जोर अब कारोबारी रिश्तों को बढ़ाने पर है।