पाकिस्तान के लाहौर में कई सारे सिलेंडर के फटने से तेज ब्लास्ट होने की खबर है। लाहौर के बरकत बाजार में कई सारे सिलेंडर फटने की खबर है। इतना ही नहीं बाजार में कई दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पाकिस्तानी मीडिया ने इसकी जानकारी दी है।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, लाहौर के बरकत मार्केट में मंगलवार को कई सिलेंडर ब्लास्ट हुए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की गई तस्वीरों को देखकर लगता है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में यह धमाका हुआ है। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, राहत टीम मौके पर पहुंची है। इस धमाके में कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हालांकि पाकिस्तान के एआरवाई न्यूज ने राहत एजेंसी के सूत्रों के हवाले से बताया है कि करीब 10 सिलेंडर में विस्फोट हुआ है। इसमें कम से कम एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हुआ है। करीब 12 गाड़ियां और कई दुकानें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
इलाके की घेराबंदी कर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, बरकत मार्केट में एक-एक कर सिलेंडर में धमाके होने लगे। इसकी वजह से राहत टीम को नजदीक जाने में काफी मुश्किलें हुईं।
बता दें कि इससे पहले 23 जून को लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के घर के बाहर बड़ा धमका हुआ था। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 20 के करीब लोग घायल हुए थे। यह विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए थे।