मेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया और सिनालोआ कार्टेल के सह-संस्थापक इस्माइल एल मेयो जाम्बाडा को अमेरिकी संघीय एजेंटों ने टेक्सास के एल पासो में गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ ड्रग तस्करी की दुनिया का 'गॉडफादर' कहे जाने वाले एल चैपो गुजमैन के बेटे जोआक्विन गुजमैन लोपेज को भी गिरफ्तार किया है। जाम्बाडा पर फेंटानाइल के निर्माण तथा तस्करी और अन्य ड्रग्स (कोकीन, हेरोइन, मेथामफेटामाइन) की तस्करी के आरोप हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए अमेरिकी सरकार ने 125 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था।
अमेरिकी न्याय विभाग ने बताया कि दुनिया के सबसे हिंसक और शक्तिशाली मादक पदार्थ तस्करी संगठनों में से एक सिनालोआ कार्टेल के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जाम्बाडा और एल चैपो के बेटे जोआक्विन गुजमैन लोपेज पर कार्टेल के आपराधिक ऑपरेशनों, विशेष रूप से फेंटानाइल के निर्माण और तस्करी के लिए कई आरोप लगाए गए हैं।
साथ मिलकर करते थे अपराध
76 वर्षीय जाम्बाडा और एल चैपो गुजमैन साथ मिलकर अपराध करते थे। हालांकि, बाद में गुजमैन को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया था। फरवरी में, जाम्बाडा पर अमेरिकी अभियोजकों ने फेंटानिल बनाने और तस्करी करने की साजिश का आरोप लगाया था। यह पदार्थ हेरोइन से भी अधिक खतरनाक हैं और अमेरिकी ओपिओइड संकट के लिए इसे ही जिम्मेदार ठहराया गया है।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल मेरिक गारलैंड ने कहा कि ये दोनों व्यक्ति दुनिया के सबसे हिंसक और शक्तिशाली मादक पदार्थ तस्करी संगठनों में से एक का नेतृत्व करते हैं। एल मेयो और गुजमैन लोपेज सिनालोआ कार्टेल के नेताओं और सहयोगियों की बढ़ती सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्हें न्याय विभाग संयुक्त राज्य अमेरिका में जवाबदेह ठहरा रहा है।
न्याय विभाग के अधिकारी ने बताया कि जाम्बाडा और गुजमैन लोपेज किसी यात्रा से वापस आ रहे थे। उन्हें प्लेन से उतरते समय ही गिरफ्तार कर लिया गया।
सिनालोआ कार्टेल क्या है?
सिनालोआ मेक्सिको का एक उत्तर-पश्चिमी प्रांत है और इसी पर सिनालोआ कार्टेल का नाम पड़ा है। गुजमैन के आदेश पर इस कार्टेल ने कई प्रतिद्वंदी ड्रग तस्करी समूहों का सफाया किया और अमेरिका को ड्रग भेजने वाला सबसे बड़ा नेटवर्क बन गया।
अमेरीकी संसद में जुलाई 2018 में पेश की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक ये कार्टेल सालाना तीन अरब डॉलर तक कमाई करता है। अमेरिका में चल रहे मुकदमे के मुताबिक ये इस समय दुनिया में ड्रग तस्करी करने वाला सबसे बड़ा समूह है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस गैंग का प्रभाव कम से कम पचास देशों में है। हालांकि हाल के वर्षों में इस कार्टेल को कई प्रतिद्वंदी गैंगों से चुनौती भी मिली है और सवाल उठा है कि क्या अब कार्टेल का प्रभाव कम हो रहा है।
कौन हैं एल चैपो गुजमैन?
ख्वाकीन गुजमैन का जन्म 1957 में एक किसान परिवार में हुआ था। वो अफीम और गांजे की खेतों पर काम करते थे और यहीं से उन्होंने ड्रग तस्करी के गुर सीखे। इसके बाद वो 'द गॉडफादर' के नाम से चर्चित और शक्तिशाली ग्वाडालाजारा कार्टेल के प्रमुख मिगेल एंजेल फेलिक्स गैलार्डो के चेले बने और तस्करी की बारीकियां सीखीं।
पांच फुट छह इंट लंबे गूसमैन को शॉर्टी भी कहा जाता है। वो 1980 के दशक में उत्तर-पश्चिमी मेक्सिको में प्रभावशाली सिनालोआ कार्टेल के शीर्ष तक पहुंच गए। ये अमेरिका को ड्रग तस्करी करने वाला सबसे बड़ा समूह बन गया और साल 2009 में फोर्ब्स पत्रिका ने दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 701वें नंबर पर गजमैन को शामिल किया। उस समय उनकी कुल संपत्तियां करीब एक अरब डॉलर की थीं।
साल 1993 में एक प्रतिद्वंदी गैंग ने उन पर हमला किया था, लेकिन वो इसमें बाल-बाल बच गए थे। हालांकि इसी साल उन्हें एक व्यापक अभियान के बाद ग्वाटेमाला से गिरफ्तार किया गया था।
इस दौरान वो अति सुरक्षा वाली जेलों में रहे। साल 2001 में एक सुरक्षागार्ड की मदद से वो जेल से फरार हो गए। गुजमैन को दोबारा पकड़ने के लिए कई देशों में अभियान चलते रहे, लेकिन वो साल 2014 तक फरार रहे। फरवरी 2014 में उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।
वो एक बार फिर जेल से फरार हुए, लेकिन जनवरी 2016 में दोबारा गिरफ्तार कर लिए गए और उन्हें अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया। उन्हें अल रैपिडो, शॉर्टी, एल सेनोर, एल येफे, नाना, आपा, पापा और इंगे के उपनामों से भी जाना जाता है।