ऑस्ट्रेलिया में दुर्घटनाग्रस्त हुआ अमेरिका का बोइंग एमवी-22बी ऑस्प्रे टिल्ट-रोटर एयरक्राफ्ट
- फोटो : Social Media
ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी क्षेत्र में स्थित तिवी द्वीप में रविवार सुबह एक एयरक्राफ्ट क्रैश में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई। वहीं, 12 अन्य घायल हो गए। बताया गया है कि यह सैनिक एक ट्रेनिंग ड्रिल में हिस्सा ले रहे थे।
अमेरिकी मरीन कोर की ओर से जारी हुए बयान के मुताबिक, जिस विमान क्रैश में सैनिकों की जान गई है, वह बोइंग एमवी-22बी ऑस्प्रे टिल्ट-रोटर एयरक्राफ्ट है। इसमें 23 अमेरिकी सैन्यकर्मी सवार थे, जो कि डार्विन में तैनात हैं और ऑस्ट्रेलिया और फिलीपींस के सैनिकों के साथ ड्रिल्स में हिस्सा ले रहे थे। सुबह करीब 9.30 बजे ड्रिल के दौरान ही उनका एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया।
मरीन कोर के प्रवक्ता के मुताबिक, तीन सैनिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें रॉयल डार्विन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
पीएम अल्बानीज ने घटना पर दुख जताया
ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने कहा कि इस घटना में सिर्फ अमेरिकी सैन्यकर्मी ही शामिल रहे और ऑस्ट्रेलिया का कोई सैनिक या सुरक्षा अधिकारी इस ड्रिल में हताहत नहीं हुआ। ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बानीज ने इस घटना पर दुख जताया और कहा कि रक्षा विभाग घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया देने में जुटा है। यह एक मुश्किल हादसा है और हम हर तरह की मदद दे रहे हैं।