हमले के बाद तालिबानी विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के राजदूत को तलब किया और हमलों की निंदा की। तालिबान की ओर से कहा गया कि, इस तरह के हमलों से उनके सब्र का इम्तेहान न लिया जाए।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर तनाव बढ़ता जा रहा है। खबर है कि, शुक्रवार रात पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट ने अपनी सीमा से लगे अफगानिस्तान के खोस्त और कुनात प्रांतों पर एयरस्ट्राइक की। इन हवाई हमलों में 40 से अधिक अफगान नागरिकों के मारे जाने की बात सामने आ रही है। इसमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय अफगान अधिकारियों की ओर से हमलों की पुष्टि की गई है। अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी विमानों ने शुक्रवार रात प्रांत के पेसा मिला और मीर सफर इलाकों में जमकर बमबारी की है।
विज्ञापन
इसके साथ ही प्रांत के स्थानीय निवासियों ने बताया कि खोस्त प्रांत के स्पेरा जिले में हवाई हमले किए गए, जिसमें दो परिवारों के 33 सदस्यों की मौत हो गई। इस बीच कुनार प्रांत के शाल्टन जिले के स्थानीय निवासियों ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमले में पांच बच्चों और एक महिला की मौत हो गई है।
पाकिस्तानी मीडिया ने कहा है कि बम विस्फोटों ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के उन प्रांतों में पश्तून इस्लामी आतंकवादी समूहों को निशाना बनाया है। जबकि अफगानिस्तान के निमरोज प्रांत के स्थानीय निवासियों ने कहा कि पाकिस्तानी बलों ने अफगान चालकों पर गोलियां चलाईं, जिसमें कम से कम एक की मौत हो गई है।
विज्ञापन
पाकिस्तान के राजदूत तलब
पाकिस्तान हमलों में 40 की मौत के बाद तालिबान सरकार ने हमलों की निंदा की। इसके अलावा तालिबानी विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान राजदूत को तलब किया और इस तरह के हमलों पर चिंता व्यक्त की। तालिबानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि, इस तरह के हमले करके उनके सब्र का इम्तेहान न लिया जाए।