अमेरिका के डलास शहर में बुधवार सुबह एक हमलावर ने पास की इमारत की छत से राइफल से गोलीबारी की। गोलीबारी का निशाना अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन केंद्र (ICE) का दफ्तर था। इस हमले में एक बंदी की मौत हो गई, जबकि परिवहन वैन में सवार दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर ने बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली। एक कानून प्रवर्तन अधिकारी ने संदिग्ध की पहचान 29 वर्षीय जोशुआ जहान के रूप में की है।
हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है। FBI प्रमुख काश पटेल ने एक तस्वीर जारी की, जिसमें घटना स्थल से मिली गोली पर 'एंटी-आईसीई' शब्द मार्कर से लिखा हुआ दिखाई दिया। यह घटना अमेरिका में हाल के सार्वजनिक और निशाना बनाकर किए गए हमलों में से एक है। दो हफ्ते पहले भी रूफटॉप से गोली चलाकर कंजरवेटिव नेता चार्ली किर्क की हत्या की गई थी।
ये भी पढ़ें: UNGA: 'सीरिया दुनिया में अपना सही स्थान पुन: हासिल कर रहा', छह दशक बाद संयुक्त राष्ट्र में बोले अहमद अल-शरा
लक्षित हिंसा के रूप में की जा रही घटना की जांच
होमलैंड सुरक्षा विभाग ने कहा, 'हमलावर ने आईसीआई भवन पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें एक वैन भी निशाना बनी। उसी दौरान बंदियों को गोलियां लगीं।' घायल बंदियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत गंभीर है। आईसीई एजेंटों को कोई चोट नहीं आई। एफबीआई ने कहा कि मामले की जांच 'लक्षित हिंसा' के रूप में की जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसके अलावा और कोई जानकारी नहीं दी गई।
अधिकारी सहायता की कॉल पर पहुंची पुलिस
डलास पुलिस प्रवक्ता जोनाथन ई. मानेर के मुताबिक, सुबह 6:40 बजे नॉर्थ स्टेमन्स फ्रीवे पर अधिकारी-सहायता के कॉल पर पुलिस पहुंची और पता चला कि पास की इमारत से सरकारी भवन पर गोलियां चलाई गई थीं। वेनजुएला से आए अप्रवासी एडविन कार्डोना ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ सुबह 6:20 बजे ICE बिल्डिंग में एक अपॉइंटमेंट के लिए पहुंचे थे, तभी गोलीबारी शुरू हो गई। कार्डोना ने कहा, 'मैं अपने परिवार के लिए डरा हुआ था, क्योंकि वे बाहर खड़े थे। शुक्र है कि उन्हें कुछ नहीं हुआ।'
कानून प्रवर्तन एजेसियों पर हमले रुकने चाहिए: वेंस
हमले के बाद आईसीई भवन को सुरक्षित किया गया और आसपास का इलाका खाली कराया गया। हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। हमले पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गईं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'कानून प्रवर्तन एजेंसियों, खासकर आईसीई, पर लगातार हो रहे हमले रुकने चाहिए।' टेक्सास के रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रूज ने भी राजनीतिक हिंसा खत्म करने की अपील की।
ये भी पढ़ें: US Energy Dept: 'भारत को रूसी तेल खरीदने की जरूरत नहीं'; अमेरिकी ऊर्जा सचिव बोले- यूक्रेन युद्ध की अनदेखी कर..
आईसीई सुविधाओं को निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ीं
हालांकि, डेमोक्रेट सांसद मार्क वीसी ने कहा कि कुछ अधिकारी इस बात को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं कि हमले के शिकार प्रवासी बंदी थे। वहीं, होमलैंड सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा कि हाल के महीनों में आईसीई एजेंटों और सुविधाओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ी हैं।