पाकिस्तान में पत्नी के साथ नाजायज संबंध रखने पर पति ने पुलिसकर्मी से बेहद वीभत्स अंदाज में बदला लिया है। यहां पत्नी से नाजायज संबंध रखने पर पति ने पुलिसकर्मी के नाक-कान और होंठ काट दिए। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी पति ने नाजायज संबंध रखने वाले पुलिस कांस्टेबल पर अपनी पत्नी को ब्लैकमेल करने और उसके साथ अवैध संबंध बनाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था।
लाहौर से 200 किलोमीटर दूर हुई घटना
पुलिस ने जानकारी दी कि घटना लाहौर से करीब 200 किलोमीटर दूर झांग जिले में रविवार को हुई। यहां आरोपी पति मुहम्मद इफ्तिखार ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले पुलिस कांस्टेबल कासिम हयात को गंभीर यातनाएं दीं। इसके बाद उसने कासिम हयात के नाक-कान और होंठ काट दिए। पुलिस ने बताया कि आरोपी इफ्तिखार को संदेह था कि हयात के उसकी पत्नी के साथ नाजायज संबंध हैं।
अपहरण कर दिया घटना को अंजाम
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इफ्तिखार ने अपने 12 साथियों के साथ मिलकर, घर वापस जाते समय कासिम हयात का अपहरण कर लिया। इसके बाद वे लोग उसे एक सुनसान जगह पर ले गए और उसे गंभीर यातनाएं दी। इसके बाद उसके शरीर के अंगों को तेज धार वाले हथियार से काट दिया और फरार हो गए। जानकारी मिलने के बाद कांस्टेबल को जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पिछले महीने कांस्टेबल के खिलाफ दर्ज कराया था मामला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने इफ्तिखार ने कांस्टेबल हयात के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता (पीपीसी) की धारा 354 (महिला पर हमला), 384 (जबरन वसूली) और 292 (अश्लील साहित्य) के तहत मामला दर्ज कराया था। इफ्तिखार ने अपनी शिकायत में कहा था कि कांस्टेबल हयात ने उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी पत्नी को उसके साथ अवैध संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं शिकायत में उसने यह भी बताया कि जब उसकी पत्नी हयात से मिली तो उसने मजबूर करके उसके साथ यौन संबंध बनाए और इसका वीडियो भी बनाया। इफ्तिखार ने पुलिस कांस्टेबल पर वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने कहा कि इफ्तिखार और उसके साथियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।