मलयेशिया में विपक्ष के नेता अनवर इब्राहीम ने देश में नई सरकार के गठन के लिए मंगलवार को सम्राट से मुलाकात की। इससे पहले वे संसद में बहुमत होने का दावा कर चुके हैं। अनवर ने बताया कि वह सम्राट को सांसदों के अपने समर्थन के पक्ष में मजबूत व ठोस दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध करायेंगे, जो उन्हें मौजूदा प्रधानमंत्री मुहिद्दीन यासीन के स्थान पर नई सरकार के गठन की मंजूरी दिलाएगा।
संसद में बहुमत होने का दावा जता चुके हैं अनवर इब्राहीम
शाही महल में करीब एक घंटा बिताने के बाद जब वह बाहर निकले तो वहां मौजूद संवाददाताओं से उन्होंने कोई बातचीत नहीं की। बता दें कि अनवर के सुधारवादी गठबंधन को सत्ता से बेदखल कर इस साल मार्च में सत्ता संभालने वाले प्रधानमंत्री यासीन ने संसद में बहुमत के उनके दावे को खारिज कर दिया है।
यासीन अभी अपने गठबंधन की अंतर्कलह से जूझ रहे हैं। पीएम यासीन के गठबंधन वाले घटक दलों ने अनवर का समर्थन करने से इनकार करते हुए उन्हें सत्ता का भूखा करार दिया है जो महामारी से संघर्ष के वक्त में सत्ता हथियाने की कोशिश कर रहा है। अनवर ने ट्वीट किया, उम्मीद है कि आज सब सहज और आसान होगा।