पश्तून तहफ्फुज मूवमेंट (पीटीएम) के सदस्य फजल-उर-रहमान अफरीदी का कहना है कि न केवल पाकिस्तान बल्कि पूरी दुनिया खतरे में है। दरअसल उन्होंने आरोप लगाया है कि मॉस्को में हुए आतंकी हमले और खैबर पख्तूनख्वा के शांगला जिले में हुए हमले के बीच एक जैसे संबंध प्रतीत हो रहे हैं।
पाकिस्तान में आत्मघाती हमला
बता दें कि खैबर-पख्तूनख्वा में मंगलवार को विस्फोटक से भरे एक वाहन ने एक बस को टक्कर मार दी थी। इस दौरान बस में सवार कम से कम छह पांच नागरिकों की मौत हो गई थी। चीनी नागरिक दासू जलविद्युत परियोजना पर काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि शांगला जिले के बिशम इलाके में हुई घटना में कई अन्य घायल हो गए। घटना उस समय हुई, जब इस्लामाबाद से कोहिस्तान जा रही एक बस को सामने से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी।
पाकिस्तान और मॉस्को में एक जैसा हमला- अफरीदी
पश्तून तहफ्फुज मूवमेंट के सदस्य फजल-उर-रहमान अफरीदी का कहना है कि पाकिस्तान और मॉस्कों में हुए आतंकी हमले एक जैसे प्रतीत हो रहे हैं। उनका कहना है कि पाकिस्तान सरकार के ही कुछ लोगों द्वारा प्रशिक्षित आतंकवादियों और आईएसआईएस को साथ लेकर से ऐसी आतंकी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। अफरीदी ने कहा कि ऐसा लगता है कि पाकिस्तान की सेना के प्रतिनिधियों ने इस हमले को अंजाम दिया है और इस बार पाकिस्तान चीन के साथ दोहरा खेल खेल रहा है।
मॉस्को में क्या हुआ था?
मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान आतंकवादियों ने लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। आतंकियों ने विस्फोटक से हॉल में धमाका भी किया, जिससे वहां आग लग गई। हमले के बाद विशेष पुलिस बल ने मोर्चा संभाल लिया है। वहीं, आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली है। आईएस ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है। हमले में 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।