Kuwait Fire: कुवैत के मंगफ इलाके में एक इमारत में भीषण आग लग गई। कुवैत की एक न्यूज एजेंसी की अनुसार इस हादसे में 49 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 40 भारतीयों की मौत की खबर है। पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस हादसे पर शोक प्रकट किया है।
कुवैत में एक इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 40 भारतीयों की मौत की खबर है। इसके अलावा इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह कुवैत के दक्षिणी अहमदी प्रांत के मंगफ इलाके में छह मंजिला इमारत की रसोई में आग लग गई थी। जिस इमारत में यह भीषण आग लगी, उसमें 190 से अधिक लोग रहते थे। सभी एक ही संस्थान में काम करते थे।
मृतक भारतीय नागरिकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत में हुए अग्निकांड पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा ‘कुवैत में आग की दुर्घटना दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं, जिन्होंने अपने परिजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। कुवैत में भारतीय दूतावास द्वारा इस घटना पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।’ पीएम मोदी ने इस हादसे में मृतक भारतीय नागरिकों के परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये मुआवजा राशि देने की घोषणा की है।
पीएम मोदी ने बुलाई आपात बैठक
उधर प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत में अग्निकांड की घटना की समीक्षा के लिए बैठक ली। बैठक में बताया गया कि हादसे में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश मौतें धुएं की वजह से हुईं। बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह, पीएम के प्रधान सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश सचिव विनय क्वात्रा मौजूद रहे।
एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस हादसे में केरल के कई लोग मारे गए हैं। मीडिया रिपोर्ट में मृतकों के नाम भी बताए गए हैं। हालांकि, अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों की पहचान इस प्रकार की गई: शिबू वर्गीस, उमरुद्दीन शमीर (33), आकाश शशिधरन नायर (23), रंजीत, थॉमस जोसेफ, प्रवीण माधव सिंह, लुकोस उन्नुन्नी, भुनाथ रिचर्ड रॉय आनंद, केलू पी , स्टीफन अब्राहम साबू, मोहम्मद शरीफा, अनिल गिरी, संजू वर्गीस, द्वारिकेश पटनायक, पीवी मुरलीधरन, विश्वास कृष्णन, अरुण बाबू, साजन जॉर्ज, रेमंड, जीसस लोप्स, डेनी बेबी करुणाकरण।
घायलों को कुवैत के 5 सरकारी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्निकांड में घायल हुए लोगों को कुवैत के 5 सरकारी अस्पतालों (अदान, जाबेर, फरवानिया, मुबारक अल कबीर और जहरा अस्पताल) में भर्ती कराया गया है। साथ ही उनका उचित इलाज कराया जा रहा है। कुवैत में हमारा दूतावास प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में बना हुआ है।