कंबोडिया के तानाशाह खमेर रूज के शासन में रहे मुख्य जेलर के पद पर कार्यरत कियांग गुयेक इआव की 77 साल की उम्र में मौत हो गई। कियांग 16 हजार कंबोडियाई नागरिकों की जेल में यातना देकर हत्या करने का दोषी था।
कियांग को डच के नाम से भी जाना जाता था और वीभत्स अपराध के मामले में वह उम्र कैद की सजा काट रहा था। खमेर रूज के शासन के दौरान हुए अपराधों की सुनवाई करने वाले न्यायाधिकरण के प्रवक्ता नेथ फियकत्रा के अनुसार कियांग की मौत बुधवार सुबह कंबोडिया के एक अस्पताल में हुई।
वर्ष 2013 में न्यायाधिकरण ने उसे कंदाल प्रांतीय जेल में तबादला कर दिया था। जेल प्रमुख चैत सिनयांग ने बताया कि कियांग को सांस लेने में परेशानी होने पर सोमवार को कंबोडियन सोवियत फ्रेंडशिप अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बता दें कि संयुक्त राष्ट्र समर्थित न्यायाधिकरण में वर्ष 2009 में हुई सुनवाई में कियांग खमेर रूज शासन का पहला शीर्ष अधिकारी था जिसे सजा सुनाई गई। 1970 के दशक में खमेर रूज एक क्रूर शासक के रूप में जाना जाता था। इसके शासन के दौरान 17 लाख लोगों की मौत हुई थी जो कंबोडिया की उस समय की कुल आबादी की 25 फीसदी थी।