एलडीपी के महासचिव शिगेरु इशिबा ने पहले इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार किया था कि वे नेता पद पर अपनी दावेदारी ठोकेंगे या नहीं। लेकिन अब उन्होंने भी मैदान में उतरने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा है कि सुगा के मैदान से हटने के बाद स्थिति बिल्कुल बदल गई है। अब वे नए हालात को ध्यान में रखते हुए जल्द अपना फैसला देश को बताएंगे।
जापानी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक उम्मीदवारों की लिस्ट में गृह मंत्री सनाये ताकाइची का नाम पहले से शामिल है। सुगा के हटने के बाद उन्होंने दोबारा अपनी दावेदारी की पुष्टि की। ताकाइची ने अब कहा है कि चूंकि वे किसी गुट से जुड़ी हुई नहीं हैं, इसलिए वे पार्टी के उन तमाम सदस्यों का समर्थन मांगेंगी, जो पार्टी के किसी गुट का हिस्सा नहीं हैं। ताकाइची ने कहा है कि संवैधानिक सुधार पहले की तरह ही उनका प्रमुख मुद्दा बना हुआ है।
वेबसाइट ऩिक्कई एशिया के मुताबिक पार्टी के कार्यकारी महासचिव सेइको नोडा भी चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। कुछ खबरों में बताया गया है कि पर्यावरण मंत्री शिनिजिरो कोइजुमी भी चुनाव मैदान में उतरेंगे। बताया जाता है कि कोइजुमी ने ही सुगा को सलाह दी थी कि वे मैदान से हट जाएं। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि सुगा सरकार ने सालभर कड़ी मेहनत की और किसी देश की सरकार से ज्यादा बेहतर नतीजे दिए। फिर भी उसे कड़ी आलोचना झेलनी पड़ी।