तौहीद हुसैन और एस जयशंकर की हुई मुलाकात
- फोटो : एएनआई
बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन और भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने न्यूयॉर्क में यूएनजीए 79 से इतर मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने बांग्लादेश एवं भारत के बीच परस्पर हित के मुद्दों पर चर्चा की और संबंधों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। यह जानकारी बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने दी।
आपसी हितों के मामलों पर चर्चा
यह बैठक सोमवार शाम (स्थानीय समय) संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र के दौरान हुई। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार सुबह एक्स पर बैठक की तस्वीर पोस्ट की। मंत्रालय ने कहा कि तौहीद ने संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र से इतर भारत के विदेशमंत्री जयशंकर से मुलाकात की और आपसी हितों के मामलों पर चर्चा की।
जयशंकर ने कही यह बात
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, 'आज शाम न्यूयॉर्क में बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन से मुलाकात की। बातचीत द्विपक्षीय संबंधों पर केंद्रित रही।'
अंतरिम सरकार गठित होने के बाद पहली मुलाकात
संयुक्त राष्ट्र महासभा की 79वीं बैठक से इतर जयशंकर और बांग्लादेश के उनके समकक्ष हुसैन की सोमवार शाम को यह बैठक हुई। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के सत्ता से बेदखल होने तथा नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस खान के नेतृत्व में अंतरिम सरकार गठित होने के बाद भारतीय विदेश मंत्री की अपने बांग्लादेशी समकक्ष के साथ यह पहली मुलाकात थी। यूनुस (84) ने हसीना द्वारा विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर इस्तीफा देने और भारत भागने के तीन दिन बाद आठ अगस्त को अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ली।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तत्काल सुधार के लिए प्रतिबद्ध
जयशंकर ने इससे पहले जी4 देशों के अपने समकक्षों के साथ मुलाकात की और दोहराया कि समूह बातचीत के जरिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तत्काल सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। जी4 समूह में ब्राजील, जर्मनी, भारत और जापान शामिल हैं।
इन देशों के समकक्षों से भी मिले
आधिकारिक यात्रा पर अमेरिका आए जयशंकर ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79वें सत्र के इतर जापान की विदेश मंत्री योको कामिकावा, जर्मनी की विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक और ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा से मुलाकात की।