इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की बात सुनने के बाद आंखें घुमाती नजर आ रही हैं। यह घटना जी7 सम्मेलन के दौरान हुई, जब मेलोनी और मैक्रों राउंडटेबल निजी बातचीत कर रहे थे।
कनाडा के अलबर्टा में शुरू हुए 51वें जी7 शिखर सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता एकत्र हुए हैं, ताकि व्यापार, सुरक्षा और तकनीक जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जा सके। इस बैठक में मेलोनी और मैक्रों एक-दूसरे के बगल में बैठे थे, जबकि दोनों नेताओं के बीच पहले से ही कूटनीतिक तनातनी रही है।
ये भी पढ़ें: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने खुफिया रिपोर्ट को किया खारिज, बोले- परमाणु हथियार बनाने के बेहद करीब पहुंच चुका ईरान
बैठक के दौरान जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोल रहे थे, तब मैक्रों मेलोनी की ओर झुककर कुछ फुसफुसाए और अपना मुंह ढका। मेलोनी ने उन्हें जवाब में अंगूठा दिखाकर हामी भरी। कुछ ही देर बाद जब मैक्रों फिर से कुछ कहने के लिए झुके, तो इस बार मेलोनी ने अपना चेहरा ढकते हुए उनकी बात सुनी और इसके बाद उन्होंने आंखें घुमाईं, जिससे उनकी नाराजगी साफ दिखी।
सोशल मीडिया में वीडियो पर क्या बोले यूजर्स
यह स्पष्ट नहीं है कि मैक्रों ने उनसे क्या कहा था और दोनों नेताओं ने इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है। लेकिन यह लम्हा कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक यूजर ने लिखा, जी7 सम्मेलन की शानदार शुरुआत, मेलोनी कमाल की हैं, वो वैश्विक नेताओं के लिए अपनी नाराजगी नहीं छिपा नहीं रही हैं।
एक अन्य यूजर ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'ब्रेकिंग: ये वही पल है जब मैक्रों ने मेलोनी से कहा कि घरेलू 'जोकर' अब वैश्विक कक्ष में आ गया है। मेलोनी के चेहरे से सब कुछ साफ था।'
ये भी पढ़ें: G7 Summit 2025 LIVE: जी7 मंच पर कार्नी-ट्रंप मुलाकात; '2014 में हुई गलती' पर ट्रंप का बयान, समर्थन में आया रूस
एक अन्य ने लिखा, मैक्रों ने जो भी कहा, मेलोनी का रिएक्शन देखकर लग रहा है, जैसे वो सोच रही हों – ‘ये आदमी क्या बक रहा है? एक यूजर ने मजाक में लिखा, हे भगवान, उसका रिएक्शन तो बहुत मजाकिया (फनी) है।
जी-7 सम्मेलन से अचानक निकल गए ट्रंप
इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप सोमवार रात जी7 सम्मेलन से अचानक निकल गए। उन्हें ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते संघर्ष के चलते उन्हें तुरंत अमेरिका लौटना पड़ा। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, मुझे जितना जल्दी हो सके वापस जाना होगा। हालांकि, उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा कि उनके लौटने का फैसला किसी भी संघर्षविराम से जुड़ा नहीं है। यह बयान मैक्रों के उस दावे के विपरीत था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ट्रंप ने संघर्षविराम का प्रस्ताव दिया था। ट्रंप के जाने के बाद जी7 नेताओं ने एक साझा बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम और खास तौर पर गाजा में संघर्ष खत्म करने की अपील की।