बीते सात अक्तूबर को गाजा पट्टी से आतंकी समूह हमास द्वारा इस्राइल पर पांच हजार रॉकेट दागे गए थे। इसके बाद से दोनों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। तब से इस्राइल और हमास के बीच भीषण युद्ध जारी है। इस बीच, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमास के साथ जारी संघर्ष 'संपूर्ण सभ्य दुनिया की लड़ाई; है। उन्होंने यह भी कहा कि यह दुनिया का सबसे बुरा समय है।
येरुशलम में ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक के साथ बैठक के बाद एक साझा बयान में इस्राइली पीएम ने यह बातें कही। उन्होंने कहा कि यह केवल हमारी लड़ाई नहीं है, बल्कि यह पूरी सभ्य दुनिया की लड़ाई है। यह हमारा सबसे काला दौर है, यह दुनिया का सबसे बुरा समय है। हमें एक साथ खड़े होने और जीतने की जरूरत है।
ब्रिटिश पीएम पहुंचे थे तेल अवीव
इजराइल-हमास के बीच चल रहे युद्ध के बीच ब्रिटिश पीएम गुरुवार को इजराइल पहुंचे। इससे पहले गुरुवार को सुनक ने येरुशलम स्थित अपने कार्यालय में नेतन्याहू के साथ एक निजी बैठक की। वहीं ऋषि सुनक ने गुरुवार को इस्राइली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से भी मुलाकात की। हर्जोग ने कहा कि ऐसे कठिन दौर में हमने स्पष्ट देखा कि इस्राइल के सच्चे दोस्त कौन हैं।
मुलाकात के बाद सुनक ने क्या कहा?
नेतन्याहू से मुलाकात के बाद ब्रिटिश पीएम सुनक ने कहा कि ऐसी भयानक परिस्थितियों में इस्राइल का दौरा करने का मुझे दुख हैं। मैं ब्रिटिश लोगों की गहरी संवेदना साझा करना चाहता हूं। हम इस्राइल के अधिकारों का खुलकर समर्थन करते हैं। हम यह भी जानते हैं कि फलस्तीन लोग भी हमास के पीड़ित हैं। सुनक ने कहा कि उन्हें ऐसी भयानक परिस्थितियो में इज़राइल का दौरा करने का दुख है।
संयुक्त बयान जारी करते हुए ब्रिटेश के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा, पिछले दो हफ्तों से यह देश ऐसे दौर से गुजर रहा है, जिसे सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के इस्राइल के फैसले का स्वागत करते हैं कि गाजा में मानवीय सहायता के प्रवेश के लिए रास्ते खोले जाएंगे। सुनक ने कहा, मुझे खुशी है कि आपने यह निर्णय लिया। हम इसका समर्थन करेंगे। हम यह भी चाहते हैं कि आप जीतें।इजराइल-हमास के बीच चल रहे युद्ध के बीच ब्रिटिश पीएम गुरुवार को इजराइल पहुंचे।
इस बीच, गाजा पट्टी पर जमीनी आक्रमण की आशंका के बीच, गुरुवार को दक्षिण इस्राइल में सीमा के पास सैकड़ों टैंक तैनात किए गए हैं। इतना ही नहीं, इस्राइल वायुसेना ने बृहस्पतिवार तड़के गाजा पट्टी के कुछ हिस्सों सहित दक्षिण के उन क्षेत्रों में भी हवाई हमले किए जिन्हें इस्राइल ने सुरक्षित क्षेत्र घोषित कर रखा था। इन हमलों के बाद क्षेत्र में फंसे 20 लाख से अधिक फलस्तीनियों में डर बढ़ गया कि वे कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। दक्षिणी इस्राइल में हमास के भयानक हमले के लगभग दो हफ्तों बाद भी इस्राइली सेना का गाजा में जवाबी हमला जारी है। फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा को खाली कर दक्षिण में सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के कहने के बाद इस क्षेत्र में भी बुधवार रात भर हमले जारी रहे। वहीं फलस्तीनी आतंकवादियों ने भी इस्राइल पर रॉकेट दागना जारी रखा है।