जूडिथ इस्राइल के साथ ही अमेरिका की भी नागरिक थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 7 अक्तूबर को जब हमास के आतंकियों ने इस्राइल पर हमला किया था तो जूडिथ और उनके पति सुबह की सैर पर निकले हुए थे।
हमास की कैद में मौजूद सबसे बुजुर्ग इस्राइली महिला की मौत हो गई है। इस्राइल के किबुत्ज नीर ओज ने गुरुवार को बताया कि इसकी निवासी जूडिथ विंसटीन हगै को हमास के आतंकियों ने 7 अक्तूबर को ही मार डाला था। अब तक माना जा रहा था कि जूडिथ अभी भी हमास की कैद में मौजूद हैं। बता दें कि हमास ने 7 अक्तूबर के हमले में जूडिथ के पति गादी हगै को भी मार डाला था।
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जताया दुख
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी एक बयान जारी कर जूडिथ की मौत पर दुख जाहिर किया। बता दें कि जूडिथ इस्राइल के साथ ही अमेरिका की भी नागरिक थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 7 अक्तूबर को जब हमास के आतंकियों ने इस्राइल पर हमला किया था तो जूडिथ और उनके पति सुबह की सैर पर निकले हुए थे। जूडिथ और उनके पति को भी उन आठ अमेरिकी नागरिकों में शामिल माना जा रहा था, जो हमास की कैद में हैं।
गाजा में इस्राइली हमले जारी
इस्राइली सेना ने गुरुवार को गाजा के दक्षिणी शहर खान यूनिस पर एयर स्ट्राइक की। इस्राइली सेना ने कहा है कि खान यूनिस में अतिरिक्त बलों की तैनाती की जाएगी। खान यूनिस, हमास के चीफ याहया सिनवार का शहर है। फलस्तीन में रेड क्रीसेंट सोसाइटी ने बताया कि गाजा के अल अमाल अस्पताल के पास बमबारी में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है। अल अमाल अस्पताल में करीब 14 हजार शरणार्थी शरण लिए हुए हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि गुरुवार को गाजा के रफाह शहर में बमबारी से 20 लोगों की मौत हुई है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। साथ ही दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं।
विज्ञापन
इस्राइली सेना ने बताया है कि गाजा में ऑपरेशन के दौरान उसके 167 जवान मारे जा चुके हैं। वहीं 7 अक्तूबर से अब तक कुल 500 जवान मारे गए हैं। इस्राइली हमलों में फलस्तीन के वेस्ट बैंक में भी 314 नागरिक मारे गए हैं। इस्राइली सेना ने वेस्ट बैंक में स्थित मनी एक्सचेंज दुकानों पर छापेमारी की। इस्राइली सेना को सूचना मिली है कि इन मनी एक्सचेंज दुकानों से हमास को फंडिंग की जा रही थी। वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि गाजा में भुखमरी के हालात पैदा हो गए हैं और लोग खाने और राहत सामग्री के ट्रकों को लूट रहे हैं।