हमास के खिलाफ चल रहे युद्ध में फंसे भारतीयों में से 10 साल से इस्राइल में रहने वाले एक भारतीय ने वहीं रहने का निश्चय किया है। उन्होंने कहा कि वह इस समय इस्राइल के साथ खड़े हैं। राजस्थान के पुष्कर के कालो बाबा ने अपना स्थान नहीं बताने के शर्त पर कहा कि उनके बुरे समय में इसी देश ने उनकी सहायता की थी। यहां उन्हें कमाई का साधन मिला और नाम कमाने का मौका भी मिला।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं यहां रहता हूं। मेरा यहां कारोबार और खुद का घर है। मौजूदा समय में चल रहे युद्ध को देखकर डर लग रहा है, लेकिन यहां अन्य परिवार भी रह रहे हैं और मैं उनके बीच सुरक्षित हूं। अन्य लोगों के साथ मिलकर मैं शाकाहारी भारतीय खाना बनाता है, जिसे हम इस्राइली सेनाओं को खिलाते हैं। मैं यहां पिछले 10 सालों से रह रहा हूं और यहीं मैंने अपना नाम कमाया है। इस्राइल के इस बुरे समय में मैं देश के साथ खड़ा हूं। अन्य लोगों की तरह मैं भी शांति चाहता हूं।'
लेबनान सीमा पर इस्राइली सेनाओं पर गोलीबारी
सोशल मीडिया साइट एक्स पर इस्राइली वायु सेना ने एक पोस्ट किया। उन्होंने अपने इस पोस्ट में बताया, 'वायु सेना के लड़ाकू हेलीकॉप्टर अब लेबनान में सैन्य इंफ्रास्ट्रचर में पर हमला कर रहा है। इसी दौरान लेबनान सीमा पर इस्राइल रक्षा बलों (आईडीएफ) पर भी गोलीबारी की गई, इसपर आईडीएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की।'
उत्तर के साथ युद्ध करने में कोई दिलचस्पी नहीं: योव गैलेंट
इस्राइली रक्षा बल ने बताया कि लेबनान की तरफ से इस्राइली क्षेत्र में नौ रॉकेट दागे गए। आईडीएफ एरियल डिफेंस एरे ने पांच रॉकेट को रोक दिया। इस्राइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा कि उन्हें उत्तरी क्षेत्र में युद्ध करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। एक वीडियो जारी करते हुए उन्होंने कहा, 'हमें उत्तर के साथ युद्ध करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। हम स्थिति को बढ़ाना नहीं चाहते हैं।'
गैलेंट ने आगे कहा, 'अगर हिजबुल्लाह युद्ध का मार्ग अपनाता है तो उसे इसके लिए भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। लेकिन वह खुद को रोक लेता है तो हम स्थिति का सम्मान करते हुए चीजें जैसी चल रही थी वैसा ही छोड़ देंगे।'
हमास के खिलाफ जारी युद्ध में अबतक 1400 इस्राइली नागरिकों और गाजा पट्टी में करीब 2500 लोगों की मौत हो चुकी है। हमास के आतंकियों ने गाजा पट्टी में सैकड़ों से ज्यादा इस्राइलियों को बंधक बना रखा है।