इस्राइल और हमास के बीच जारी युद्ध में अबतक 7000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जहां सात अक्तूबर को हमास के आतंकियों ने इस्राइल में घुसकर हमला किया था, वहीं उसके बाद से इस्राइल लगातार गाजा पर हवाई हमले कर रहा है। इसी बीच इस्राइली सेना ने एक बड़ी जानकारी शेयर की है। इस्राइली सेना के अनुसार शुक्रवार को उनके लड़ाकू विमानों ने दाराज तुफाह बटालियन में हमास के तीन शीर्ष आतंकियों को मार गिराया। इस्राइल के रक्षा बलों (आईडीएफ) ने बताया कि इन तीनों आतंकियों को हमास का सबसे महत्वपूर्ण ब्रिगेड माना जाता था।
आईडीएफ ने हमास के तीन शीर्ष आतंकियों को मार गिराया
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए इस्राइली रक्षा बल ने कहा, 'आईडीएफ लड़ाकू विमान ने दाराज तुफाह बटालियन के तीन शीर्ष हमास के आतंकियों को मार गिराया। बटालियन के संचालकों ने इस्राइल में हुए हमले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन तीनों को हमास संगठन का महत्वपूर्ण ब्रिगेड माना जाता था।' इसी के साथ इस्राइली सेना ने मारे गए तीनों आतंकियों की तस्वीर भी जारी की है।
आईडीएफ ने अपने पोस्ट में आगे कहा, 'दाराज तुफाह बटालियन को हमास संगठन का सबसे महत्वपूर्ण ब्रिगेड माना जाता है। सात अक्तूबर को इस्राइल में हुए हमले में बटालियन के आतंकियों ने हिस्सा लिया था।' इससे पहले गुरुवार को इस्राइली रक्षा बलों ने हवाई हमले के दौरान हमास के खुफिया निदेशालय के डिप्टी प्रमुख शादी बड़ौद के मौत की सूचना दी थी। आईडीएफ के अनुसार, वह सात अक्तूबर को किए गए हमलों की योजना में मुख्य भूमिका निभाई थी।
इस्राइली सेना ने गुरुवार को गाजा में अबतक का सबसे बड़ा जमीनी हमला किया। इस हमले के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इस्राइल अभी भी गाजा में पूर्ण जमीनी आक्रमण करने की तैयारी कर रहा है।