अमेरिका चाहता है इस्राइल बमबारी बंद करे
अमेरिका ने कहा है कि बंदियों की रिहाई के लिए इस्राइल को गाजा पर हमला बंद करना होगा। इस्राइल ने कहा है कि वे ट्रंप के आदेश का पालन कर रहे हैं और केवल सुरक्षा के लिए हमले कर रहे हैं। हालांकि दूसरी ओर गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 19 लोग मारे गए और 96 घायल हुए हैं। इस युद्ध में अब तक करीब 67,160 लोग मारे जा चुके हैं और 1.7 लाख से ज्यादा घायल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मारे गए आधे से ज्यादा लोग महिलाएं और बच्चे हैं।
ये भी पढ़ें:- Gaza War: इस्राइल-हमास के बीच युद्धविराम की बढ़ने लगी उम्मीदें, मिस्र की मेजबानी में कल दोनों पक्षों की वार्ता
बंदियों के परिवार ने ट्रंप के लिए की ये अपील
वहीं इस संघर्ष में ट्रंप के हस्तक्षेप को देखते हुए इस्राइली बंदियों के परिवारों ने नोबेल पुरस्कार समिति से अपील की है कि वे ट्रंपको शांति के लिए उनके प्रयासों के लिए नोबेल शांति पुरस्कार दें। उन्होंने कहा कि ट्रंप की योजना की वजह से अब हमें उम्मीद है कि यह भयानक युद्ध खत्म होगा।
युद्ध के दूसरे साल पूरा होने पर कैसा है गाजा का हाल
गौरतलब है कि आज इस संघर्ष के कुल दो साल पूरे हो गए। ऐसे में सवाल ये उठता है कि गाजा की आज की तस्वीर कैसी है? गाजा में जन्मे बच्चों के परिवार इस युद्ध की दूसरी सालगिरह पर खुशी की बजाय डर और विस्थापन का सामना कर रहे हैं। अमल अल-तवील और उनके पति मुस्तफा के बेटे अली का जन्म बहुत मुश्किल से हुआ। अब वे तंबू में रहते हैं, जहाँ साफ-सफाई, खाने-पीने और चिकित्सा सुविधाओं की कमी है। अमल ने कहा कि मैं उसके लिए एक सुरक्षित और खुशहाल जिंदगी चाहती थी, लेकिन उसे यह नहीं मिल पाया।