फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: माउंट एवरेस्ट पर फंसे 200 से ज्यादा पर्वतारोही; अमेरिकी शटडाउन से परमाणु हथियारों की सुरक्षा प्रभावित

Mon, 06 Oct 2025 03:49 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैलिफोर्निया नेशनल गार्ड के 300 जवानों को ओरेगन भेजने का आदेश दिया है, जबकि एक संघीय न्यायाधीश ने ओरेगन में राज्य की नेशनल गार्ड की तैनाती पर रोक लगा दी थी। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने इस कदम को 'कानून और शक्ति का चौंकाने वाला दुरुपयोग' बताते हुए अदालत में चुनौती देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ सेना का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। ट्रंप प्रशासन ने ओरेगन की राजधानी पोर्टलैंड में संघीय संपत्तियों की रक्षा के लिए गार्ड भेजने की योजना बनाई थी, लेकिन न्यायाधीश करिन इमर्गट ने इसे अस्थायी रूप से रोक दिया। उन्होंने कहा कि शहर में हालिया छोटे पैमाने के विरोध प्रदर्शनों से इस तरह की संघीय तैनाती उचित नहीं ठहराई जा सकती और यह राज्य की संप्रभुता को नुकसान पहुंचाएगी। बता दें कि ट्रंप ने पोर्टलैंड और शिकागो को 'अपराधग्रस्त' और 'युद्ध क्षेत्र' बताया है और इन शहरों में व्यवस्था बहाल करने के लिए सैन्य हस्तक्षेप की बात की है। शनिवार को उन्होंने शिकागो में भी 300 इलिनोइस नेशनल गार्ड जवान भेजने की अनुमति दी। कई डेमोक्रेटिक नेताओं ने इसे संघीय शक्ति का राजनीतिक दुरुपयोग करार दिया है।
विज्ञापन


ब्राजील के राष्ट्रपति ने अमेरिकी समकक्ष ट्रंप से की बात
ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला डा सिल्वा ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ब्राजील के आयात पर लगाए गए 40% टैरिफ को हटाने का अनुरोध किया। दोनों नेताओं ने 30 मिनट तक फोन पर बातचीत की और एक-दूसरे के फोन नंबर भी साझा किए। लूला ने ट्रंप को एक बार फिर जलवायु सम्मेलन में भाग लेने का निमंत्रण दिया।

ट्रंप प्रशासन ने जुलाई में ब्राजील के उत्पादों पर 40% टैरिफ लगाया था, जो पहले लगाए गए 10% टैरिफ के ऊपर था। लूला ने याद दिलाया कि ब्राजील उन तीन जी20 देशों में से एक है जिनके साथ अमेरिका का व्यापार अधिशेष है। ट्रंप प्रशासन ने टैरिफ के पीछे ब्राजील की नीतियों और पूर्व राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो के खिलाफ आपराधिक मुकदमे को आर्थिक आपातकाल बताया था। इस महीने बोल्सोनारो को 2022 के चुनाव हारने के बाद सत्ता पलटने की कोशिश करने के आरोप में 27 साल और तीन महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। व्हाइट हाउस ने इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
विज्ञापन


पाकिस्तान: आईएसआई महानिदेशक के पद बने रहेंगे लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद आसिम मलिक
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के मौजूदा प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद आसिम मलिक देश की खुफिया एजेंसी के महानिदेशक के पद पर बने रहेंगे। 

सुरक्षा सूत्रों ने ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार को बताया, ‘लेफ्टिनेंट जनरल आसिम मलिक वर्तमान नियुक्ति पर अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।’अखबार की खबर के अनुसार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) के पद पर भी कार्यरत लेफ्टिनेंट जनरल मलिक इस साल के अंत में सेवानिवृत्त होने वाले थे। हालांकि, उनकी सेवानिवृत्ति की सही तारीख नहीं बताई गई। यह भी स्पष्ट नहीं है कि क्या उनकी सैन्य सेवा बढ़ाई जाएगी, जो सरकार कर सकती है, या औपचारिक सेवानिवृत्ति के बाद भी वे वर्तमान पद पर बने रहेंगे।


म्यांमार में एक घंटे के भीतर भूकंप के दो झटके
म्यांमार में एक घंटे के भीतर दो बार भूकंप के झटके लगे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने बताया कि रविवार आधी रात के थोड़ी ही देर बाद म्यांमार में करीब 12.16 बजे 3.7 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप 73 किलोमीटर की गहराई में आया। इसके करीब एक घंटे बाद 01.14 बजे धरती एक बार फिर कांपी। रिक्टर पैमाने  पर भूकंप के दूसरे झटके की तीव्रता 3.6 मापी गई। इस भूकंप का केंद्र 88 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के कारण किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

फलस्तीन समर्थकों के प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगाएगा ब्रिटेन
ब्रिटेन, बार-बार होने वाले विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है। सरकार ने रविवार को कहा कि लगातार होने वाले विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए अब पुलिस को और अधिकार मिलेंगे। इससे उसे मार्च और प्रदर्शनों पर शर्तें लगाते समय प्रदर्शनों के समग्र प्रभाव पर विचार करने का मौका मिलेगा। यह फैसला राजधानी लंदन में प्रतिबंधित समूह फलस्तीनी एक्शन के समर्थन में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान लगभग 500 लोगों की गिरफ्तार के बाद लिया गया है।

टीटीपी आतंकियों व शांति समिति सदस्यों के बीच झड़प, दो की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों और शांति समिति के सदस्यों के बीच झड़प में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार को टैंक जिले में गुल इमाम में हुई। झड़प में कई घालय भी हुए हैं। मृतकों में एक पैदल यात्री भी शामिल है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकवादियों की तलाश तेज कर दी है।

पाकिस्तान में बंदूकधारियों ने की अफगान मौलवी की हत्या
पाकिस्तान के पेशावर में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक अफगान मौलवी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना ऐसे समय में हुई, जब अफगान शरणार्थियों को पाकिस्तान में निर्वासन और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। खामा प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान पक्तिया प्रांत के अफगान इमाम आदम खान के रूप में हुई। खान पर रजा खान मरियमजई मस्जिद के पास हमला हुआ और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अमेरिका : आईसीई प्रदर्शनकारियों  ने महिला को गोली मारी, गंभीर
अमेरिका के शिकागो में कानून प्रवर्तन अधिकारी के वाहन को टक्कर मारने पर संघीय एजेंटों ने एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया। महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना बढ़ते आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन विरोधी प्रदर्शन और ट्रंप सरकार की ओर से डेमोक्रेटिक नेतृत्व वाले शहरों में अशांति को कम करने के प्रयासों के बीच हुई। संघीय एजेंटों का दावा है 10 कारों ने मिलकर अधिकारियों को घेर लिया था। इनमें एक कार के चालक के पास अर्ध-स्वचालित हथियार था, इसलिए उन्हें आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी।

रूस ने पाक को लड़ाकू विमान के इंजन बेचने के दावे को किया खारिज
रूस ने पाकिस्तान के जेएफ-17 थंडर ब्लॉक-3 लड़ाकू विमानों के लिए आरडी-93एमए इंजन आपूर्ति करने के दावों को खारिज किया है। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि रूस ने पाकिस्तान को इन इंजनों की आपूर्ति करने का फैसला किया है। रूस ने कहा कि वह पाकिस्तान के साथ ऐसा कोई करार नहीं करेगा, जिससे भारत को असुविधा हो। मीडिया रिपोर्ट में एक रूसी सूत्र के हवाले से कहा गया है कि मॉस्को ने इस तरह की किसी भी सौदे की पुष्टि नहीं की है। सूत्र ने कहा कि यह रिपोर्ट भारत और रूस के बीच मजबूत और दीर्घकालिक सहयोग में दरार डालने की कोशिश है।

संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किए गए भारतीय शांति सैनिक
दक्षिण सूडान में नागरिकों की रक्षा के लिए भारतीय शांति सैनिकों को संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया। संयुक्त राष्ट्र अंतरिम सुरक्षा बल के कार्यवाहक मिशन प्रमुख ने अबेई में उन्हें सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें सूडान और दक्षिण सूडान के नागरिकों की रक्षा करने, तेल-समृद्ध सीमा क्षेत्र, अबेई के लिए दिया गया। यूएन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में भारतीय बटालियन के पराक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी है।

पाकिस्तान के मंत्री आसिफ बौखलाए, कहा- भारत को सैन्य संघर्ष का देंगे कड़ा जवाब
पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बाद अब रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने रविवार को भारत को पाकिस्तान के साथ भविष्य में किसी भी सैन्य संघर्ष के खिलाफ चेतावनी दी। आसिफ ने कहा कि किसी भी सैन्य संघर्ष का भारत को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री की यह प्रतिक्रिया भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की तरफ से पाकिस्तान को किसी भी दुस्साहस के खिलाफ चेतावनी के बाद आई है। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने शुक्रवार को कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एक दर्जन पाकिस्तानी सैन्य विमान नष्ट हो गए या क्षतिग्रस्त हो गए।

अमेरिकी शटडाउन से परमाणु हथियारों की सुरक्षा भी प्रभावित

अमेरिकी शटडाउन के कारण देश में परमाणु हथियारों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है। ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा कि राष्ट्रीय परमाणु सुरक्षा प्रशासन (एनएनएसए) के पास परमाणु हथियारों की सुरक्षा व रख-रखाव के लिए सिर्फ चंद दिनों का धन बचा है। राइट ने फॉक्स न्यूज के साथ साक्षात्कार में गुरुवार को कहा, आठ और दिनों के लिए फंड बचा है। इसके बाद हमें देश को खतरे में डालते हुए आपातकालीन शटडाउन प्रक्रिया को अपनाना पड़ेगा। इस साल की शुरुआत में संघीय कटौती से पहले एनएनएसए के पास करीब 65 हजार कर्मचारी थे। इनमें संघीय कर्मचारियों के अलावा निविदा पर रखे गए कर्मी शामिल थे। हालिया शटडाउन योजना में ऊर्जा विभाग ने कहा था कि वह एनएनएसए के हथियार-केंद्रित कर्मचारियों को बनाए रखेगा जो महत्वपूर्ण नियंत्रण संचालन प्रणालियों को चलाते हैं। विभाग उन कर्मचारियों को भी बनाए रखेगा जो परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने जैसे कार्यों पर काम करते हैं। माना जा रहा है कि ऊर्जा विभाग के 60 प्रतिशत कर्मचारियों को बिना वेतन छुट्टी पर भेजा जा सकता है।

माउंट एवरेस्ट पर बर्फीले तूफान के बाद 200 से ज्यादा पर्वतारोही फंसे

माउंट एवरेस्ट की तिब्बती ढलानों पर बर्फीले तूफान के बाद 200 से ज्यादा पर्वतारोही फंसे हुए हैं, वहीं 350 पर्वतारोहियों को बचाव दल ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सुरक्षित बचा लिया। जब स्थानीय ग्रामीण और बचाव दल जरूरी सामान लेकर घटनास्थल पर पहुंचे तो शिविरों में फंसे पर्वतारोहियों की स्थिति बिगड़ने लगी थी। माउंट एवरेस्ट पर तिब्बत की तरफ शुक्रवार से भारी बर्फबारी हो रही है। पहले की रिपोर्टों में कहा गया था कि दुनिया की सबसे ऊंची चोटी, माउंट एवरेस्ट, पर तिब्बती ढलानों पर 1,000 से ज़्यादा पर्वतारोही फंसे हुए हैं।

पाकिस्तान पुलिस चौकी पर हमला, पुलिसकर्मी की मौत

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को एक पुलिस चौकी पर उग्रवादी हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और एक अर्धसैनिक बल का जवान घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोहाट जिले के दर्रा आदम खेल में तोर चापपुर चौकी पर रात करीब 1 बजे कई अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। कोहाट के जिला पुलिस अधिकारी जहीदुल्लाह खान ने बताया कि पुलिस और आतंकवादियों के बीच ढाई घंटे तक चली गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और एक संघीय कांस्टेबुलरी का जवान घायल हो गया। जहीदुल्लाह ने कहा कि हमलावरों का इरादा चौकी पर कब्जा करने का था, लेकिन उनकी कोशिश नाकाम कर दी गई। पुलिस ने तीन आईईडी जब्त किए हैं और तलाशी अभियान जारी है। यह हमला खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में एक सैनिक के मारे जाने और एक अन्य के घायल होने के एक दिन बाद हुआ है।
 
विज्ञापन

इटली में भारतीय दूतावास ने सड़क हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया

इटली में एक सड़क हादसे में चार भारतीय नागरिकों की मौत पर भारतीय दूतावास ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। दूतावास ने भारतीयों की मौत पर दुख जाहिर किया और पीड़ित परिवारों को हरसंभव राजनयिक मदद देने की बात कही। दक्षिणी इटली के मातेरा में हुए सड़क हादसे में चार भारतीयों की मौत हुई थी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें