इस्राइल के ई1 प्रोजेक्ट पर विवाद है क्योंकि यह यरुशलम के बाहरी इलाके से शुरू होकर कब्जे वाले वेस्ट बैंक के भीतरी हिस्से तक जाती है। आलोचकों का कहना है कि इससे फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना में परेशानी होगी।
इस्राइल ने यरूशलम के पास एक निर्माण प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। यह एक विवादित प्रोजेक्ट है, जिसके पूरे होने के बाद वेस्ट बैंक दो हिस्सों में बंट जाएगा। इस्राइल की इस योजना का विरोध हो रहा है। हालांकि सारे विरोध को दरकिनार कर इस्राइल की सरकार ने इसका टेंडर निकाल दिया है।
विज्ञापन
इस्राइली बस्तियों के चलते वेस्ट बैंक में बढ़ा संघर्ष
गाजा और वेस्ट बैंक में इस्राइल के सेट्लमेंट्स की निगरानी करने वाले संगठन पीस नाउ ने दावा किया है कि इस्राइल की सरकार ने टेंडर निकाल दिए हैं। नीलामी के बाद एक निर्माण कंपनी को इस प्रोजेक्ट को दे दिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक महीने के भीतर इस विवादित बस्ती का निर्माण शुरू हो सकता है। इस्राइल के इस प्रोजेक्ट से वेस्ट बैंक दो हिस्सों में बंट जाएगा और इससे फलस्तीन के गठन में समस्या हो सकती है। इस्राइल हमास के युद्ध के बाद से वेस्ट बैंक में इस्राइली बस्तियों में रहने वाले लोगों और वेस्ट बैंक के लोगों के बीच पहले ही संघर्ष बढ़ चुका है। अब इस प्रोजेक्ट के निर्माण के बाद बवाल बढ़ सकता है।