हमास और इस्राइल के बीच शुरू हुए युद्ध को 38 दिन गुजर चुके हैं। शुरुआत से ही इस संघर्ष का केंद्र हमास के कब्जे वाला गाजा पट्टी बना हुआ है। विशेष तौर पर युद्ध में सुरक्षित किए जाने वाले अस्पतालों की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। इसी बीच गाजा पट्टी के सबसे बड़े अस्पताल, अल-शिफा ने काम करना बंद कर दिया है। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र ने गाजा में 20 से ज्यादा अस्पतालों में काम रुकने की जानकारी दी थी।
अस्पतालों का मुद्दा अब गाजा तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि दुनियाभर के नेता इस मुद्दे पर अपनी चिंताएं व्यक्त कर रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि अस्पतालों की सुरक्षा होनी चाहिए। दूसरी ओर इस्राइल ने अपने रुख को बार-बार स्पष्ट किया है कि हमास अस्पतालों-स्कूलों में आम नागरिकों को अपने आतंकी मंसूबों के लिए मानव ढाल की तरह इस्तेमाल कर रहा है।