इस्राइल के पीएम नेतन्याहू और ईरान के सर्वोच्च नेता खामनेई (फाइल)
- फोटो : ani
तेहरान में हमास प्रमुख इस्माइल हानिया की हत्या को लेकर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातोल्ला खामनेई ने इस्राइल को चेतावनी जारी की है। खामनेई ने कहा है कि ईरान हमास की राजनीतिक शाखा के प्रमुख की तेहरान में हत्या का बदला लेगा। उन्होंने कहा कि इस्राइल ने खुद ही अपने लिए सख्त सजा का रास्ता बनाया है।
ईरान के सबसे बड़े नेता ने आगे कहा, "आपराधिक और आतंकी यहूदी शासन ने हमारे घर पर ही एक मेहमान को शहीद कर दिया। इससे हमें बेहद तकलीफ हुई है। लेकिन इससे उसने अपने लिए सख्त सजा की पृष्ठभूमि तैयार कर ली है।" उन्होंने कहा कि हानिया को कभी भी शहादत से डर नहीं लगा और वह अपने जीवन में हमेशा यही चाहते थे। लेकिन यह कड़वी और कठिन घटना, जो कि ईरान की जमीं पर हुई, इसकी वजह से हम उनकी शहादत का बदला लेना अपनी जिम्मेदारी समझते हैं।
खामनेई ने हानिया और उनकी सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड की मौत पर संवेदना प्रकट की। गौरतलब है कि इस्माइल हानिया की बुधवार सुबह ही तेहरान में एक हमले में मौत हो गई। इस घटना के बाद हमास ने आरोप लगाया कि इस्राइल ने एयरस्ट्राइक में इस्माइल हानिया को मारा है।
ईरान के राष्ट्रपति ने भी इस्राइल को घेरा
इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि तेहरान अपनी स्वायत्ता और सम्मान को बचाने के लिए वह सब करेगा जो जरूरी है। उन्होंने कहा कि ईरान और फलस्तीन के बीच संबंध पहले से भी ज्यादा मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि आज हम फलस्तीन के बहादुर नेता के निधन के बाद हम उसके दुख के साथ खड़े हैं। कल मैंने उनका विजयी हाथ उठाया था और आज मुझे उन्हें अपने कंधे पर ले जाकर दफनाना होगा। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी स्वायत्ता, सम्मान और गर्व की रक्षा करेगा और आतंकियों को उनके डरपोक कामों के लिए अफसोस करवाएगा।