फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राष्ट्रपति रईसी समेत नौ लोगों की मौत: ईरान का अमेरिका पर बड़ा आरोप; रूस ने किया हादसे की जांच में मदद का एलान

Mon, 20 May 2024 08:42 PM IST
काव्या मिश्रा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, तेहरान

खास बातें

Iran President Ebrahim Raisi died in Helicopter crash: ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी पूर्वी अजरबैजान से लौट रहे थे। इसी दौरान अजरबैजान के सीमावर्ती शहर जोल्फा के करीब दुर्घटना घटी, जो ईरान की राजधानी तेहरान से 600 किलोमीटर दूर है।
विज्ञापन
राहत-बचाव दल मृतकों के शव निकालते हुए - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:37 PM, 20-May-2024

ईरान का अमेरिका पर बड़ा आरोप
ईरान ने हेलीकॉप्टर हादसे के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्यवाहक विदेश मंत्री ने कहा कि इस हादसे की जांच के बाद सब कुछ सामने आएगा। उधर ईरान के कार्यवाहक राष्ट्रपति से रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने बात की है। पुतिन का कहना है कि वह जांच में ईरान की मदद करेंगे।

06:13 PM, 20-May-2024

भारत में एक दिन का राजकीय शोक
ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और विदेश मंत्री समेत नौ लोगों का हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन हो गया है। दिवंगत व्यक्तियों के सम्मान में भारत सरकार ने भी एक निर्णय लिया है। विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि 21 मई को पूरे भारत में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा। शोक के दिन पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

04:37 PM, 20-May-2024

मोहम्मद मोखबर बने ईरान के कार्यवाहक राष्ट्रपति
हेलीकॉप्टर हादसे में इब्राहिम रईसी की मौत के बाद उपराष्ट्रपति मोहम्मद मोखबर को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने मोखबर को अंतरिम कार्यभार सौंपा। खामनेई ने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 131 के अनुसार मोखबर को यह कार्यभार सौंपा गया है। मोहम्मद मोखबर को 50 दिनों के भीतर राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी के लिए न्यायिक प्रमुखों के साथ काम करना होगा।

विज्ञापन
04:37 PM, 20-May-2024

अली बघेरी बने कार्यवाहक विदेश मंत्री 
हेलीकॉप्टर दुर्घटना में विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दोल्लाहियन की मौत के बाद ईरान के शीर्ष परमाणु वार्ताकार अली बघेरी को कार्यवाहक विदेश मंत्री नियुक्त किया गया।

04:36 PM, 20-May-2024

ईरान में पांच दिन का राष्ट्रीय शोक 
ईरान के राष्ट्रपति रईसी, विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दोल्लाहियन, पूर्वी अजरबैजान के गवर्नर मालेक रहमती समेत 9 लोगों की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। ईरान में पांच दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।

विज्ञापन
02:40 PM, 20-May-2024

क्रैश हुए हेलीकॉप्टर में ईरानी राष्ट्रपति रईसी समेत नौ लोग सवार थे। हादसे में सभी की मौत हो गई। 

02:38 PM, 20-May-2024

मोहम्मद मोखबर के नाम पर लग सकती है मुहर

अगर ईरानी संविधान की बात की जाए तो इब्राहिम रईसी के उत्तराधिकारी वर्तमान के उपराष्ट्रपति होंगे। वर्तमान में मोहम्मद मोखबर ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति हैं। लेकिन उनकी राष्ट्रपति पद पर नियुक्ति सर्वोच्च नेता अयातोल्ला अली खामनेई की मंजूरी पर निर्भर करेगी। इसके अलावा, प्रथम उपराष्ट्रपति, संसद अध्यक्ष और न्यायपालिका प्रमुख वाली एक परिषद को अधिकतम 50 दिनों की अवधि के भीतर एक नया राष्ट्रपति चुनाव आयोजित कराना होगा।

01:58 PM, 20-May-2024

ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी पूर्वी अजरबैजान से लौट रहे थे। तभी उनका हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया, जिससे उसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई। उनकी मौत की खबर से पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया है। सबके मन में यही चल रहा है कि आखिर रईसी की जगह अब कौन होगा। ईरान के अगले राष्ट्रपति का नाम हर कोई जानना चाह रहा है। 

01:05 PM, 20-May-2024

दुर्घटनास्थल से मृतकों के शव निकाले जा रहे हैं।
 

12:39 PM, 20-May-2024

जानें क्रैश हुए एयरक्राफ्ट के बारे में

रिपोर्ट के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की तस्वीरों और वीडियो से इस बात की पुष्टि होती है कि ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और विदेश मंत्री अमेरिका में निर्मित बेल 212 हेलीकॉप्टर पर सवार थे। बेल टेक्सट्रॉन इंक द्वारा तैयार किया गया यह बेल 212 हेलीकॉप्टर इसके आइकॉनिक मॉडलों में से एक है, जो इसे बेल टेक्सट्रॉन के हेलीकॉप्टर श्रृखंला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनाता है। पढ़ें पूरी खबर

11:53 AM, 20-May-2024

कौन हैं ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी?
ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का जन्म 1960 में उत्तरी पूर्वी ईरान के मशहद शहर में हुआ था। रईसी के पिता एक मौलवी थे, लेकिन रईसी जब सिर्फ पांच साल के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया थ। रईसी की शुरुआत से ही धर्म और राजनीति की ओर झुकाव रहा और वो छात्र जीवन में ही मोहम्मद रेजा शाह के खिलाफ सड़कों पर उतर गए। रेजा शाह को पश्चिमी देशों को समर्थक माना जाता था। पढ़ें पूरी खबर

11:39 AM, 20-May-2024

ईरानी संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति की मृत्यु के मामले में, पहला उपराष्ट्रपति तब तक पदभार संभालेगा जब तक कि अधिकतम 50 दिनों के भीतर चुनाव नहीं हो जाता।

10:10 AM, 20-May-2024

हादसे की एक वीडियो सामने आई है। देखें- 
 

10:05 AM, 20-May-2024

विदेश मंत्री अमीर अब्दुल्लाहियान की भी मौत

ईरान की कई समाचार एजेंसियों ने पुष्टि की है कि रईसी और विदेश मंत्री अमीर अब्दुल्लाहियान के साथ हेलीकॉप्टर में सवार अन्य लोगों की मौत हो गई है।

 

09:58 AM, 20-May-2024

रईसी का हेलीकॉप्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त
ईरानी रेड क्रीसेंट के प्रमुख ने कहा कि बचाव टीमों से पता चल रहा है कि हेलीकॉप्टर का पूरा केबिन काफी क्षतिग्रस्त और जल गया है। 

09:46 AM, 20-May-2024

ईरानी एजेंसी ने दावा किया है कि हेलीकॉप्टर क्रैश में ईरान के राष्ट्रपति रईसी समेत सभी सवारों की मौत हो गई है।

09:46 AM, 20-May-2024

पहाड़ी इलाका होने की वजह से बचाव कार्य में हो रही परेशानी
रिपोर्ट्स के अनुसार, पायलट ने हेलीकॉप्टर से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते हादसा हुआ। बचाव कार्य में 16 टीमों को लगाया गया है। हादसे में किसी की मौत या घायल होने की कोई जानकारी नहीं है। ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (63 वर्षीय) पूर्वी अजरबैजान से लौट रहे थे। इसी दौरान अजरबैजान के सीमावर्ती शहर जोल्फा के करीब दुर्घटना घटी, जो ईरान की राजधानी तेहरान से 600 किलोमीटर दूर है। वह रविवार तड़के अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के साथ एक बांध का उद्घाटन करने वाले थे। यह तीसरा बांध है, जिसे दोनों देशों ने अरास नदी पर बनाया है। पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर भी राष्ट्रपति के काफिले में शामिल थे। 

09:46 AM, 20-May-2024

हेलीकॉप्टर में ईरानी राष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री और कई शीर्ष नेता भी सवार
हादसे के बारे में अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, काफिले के एक हेलीकॉप्टर में ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के साथ ही ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दोल्लाहियन भी सवार हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरानी राष्ट्रपति के काफिले में तीन हेलीकॉप्टर थे और इनमें से दो हेलीकॉप्टर सुरक्षित अपने गंतव्य पर उतर चुके हैं।
 

09:46 AM, 20-May-2024

राष्टपति रईसी के साथ हेलिकॉप्टर में कौन-कौन थे सवार?
ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम ने बताया कि ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के साथ उस हेलिकॉप्टर में विदेश मंत्री होसैन अमीर अब्दुल्लाहियन, पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर मालेक रहमती, तबरीज की शाही इमाम मोहम्मद अली अलहाशेम के साथ-साथ एक पायलट, को-पायलट, चालक दल प्रमुख, सुरक्षा प्रमुख और एक सुरक्षा गार्ड सवार थे।
  
 

08:11 AM, 20-May-2024

राष्ट्रपति रईसी समेत नौ लोगों की मौत: ईरान का अमेरिका पर बड़ा आरोप; रूस ने किया हादसे की जांच में मदद का एलान

ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को लेकर जा रहे काफिले का हेलीकॉप्टर रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी हेलीकॉप्टर का पता नहीं चल सका। हालांकि, अब एक मीडिया रिपोर्ट की माने तो अधिकारियों ने बताया है कि राहत-बचाव दल दुर्घटना वाली जगह पर पहुंच गया है। 

कई ईरानी मीडिया चैनलों ने रेड क्रीसेंट का हवाला देते हुए कहा है कि बचाव दल ने रईसी के हेलीकॉप्टर के मलबे को ढूंढ लिया है। हालांकि, रेड क्रीसेंट ने इस बारे में जानकारी नहीं दी कि राष्ट्रपति और उनके साथी बच गए हैं या नहीं। वहीं, एक अन्य ईरानी मीडिया की माने तो दुर्घटनास्थल पर किसी के जिंदा होने का कोई संकेत नहीं मिला है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें