फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

Iran Airstrike Pakistan: ईरान की एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान देख रहा चीन की ओर! क्या ड्रैगन करेगा मदद?

आशीष तिवारी
Updated Wed, 17 Jan 2024 02:57 PM IST

सार

ईरान की सेना ने मंगलवार को पाकिस्तान में बलोच उग्रवादी समूह जैश अल-अदल के दो प्रमुख ठिकानों पर हवाई हमला किया। इराक और सीरिया में हवाई हमलों के एक दिन बाद ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने पाकिस्तान में घुसकर एयरस्ट्राइक की। ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया कि बलोच उग्रवादी समूह के दो प्रमुख ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया और उन्हें तबाह कर दिया गया...
विज्ञापन
विज्ञापन
Iran Airstrike Pakistan - फोटो : Amar Ujala/ Himanshu Bhatt


दरअसल हमले के बाद पाकिस्तान के भीतर आवाज उठ रही है कि चीन को भी इस मामले में मदद करनी चाहिए। रक्षा मामलों के जानकार कैप्टन (रि.) सुरेंद्र रंधावा कहते हैं कि यह बात बिल्कुल सच है कि पाकिस्तान इस एयर स्ट्राइक के बाद चीन से ईरान पर कार्रवाई करने के लिए अंदरूनी तौर पर मदद मांगेगा। लेकिन अंतरराष्ट्रीय मामलों को ध्यान में रखते हुए चीन किसी भी तरह से पाकिस्तान की मदद करने की स्थिति में नहीं है। इसकी वजह बताते हुए उनका कहना है कि दो साल पहले ही चीन और ईरान ने 25 वर्षीय संयुक्त समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अलावा दोनों देशों के बीच बीते एक दशक के दौरान तकरीबन पांच सौ मिलियन डॉलर के व्यापार का समझौता हुआ है, जो कि लगातार अलग-अलग संधियों के माध्यम से बढ़ते जा रहे हैं। वह कहते हैं कि चीन के नेशनल पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन की ओर से ईरान के अलग-अलग हिस्सों में नैचुरल गैस के लिए करार किया है। इसके अलावा चीन का ड्रीम प्रोजेक्ट वन बेल्ट वन रोड भी ईरान से कनेक्ट हो रहा है।

दिल्ली विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर अभिषेक प्रताप सिंह कहते हैं कि चीन के लिए जितना महत्वपूर्ण पाकिस्तान है, उससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण ईरान भी है। उनका कहना है कि पाकिस्तान के ऊपर ईरान की हुई एयर स्ट्राइक में चीन बिल्कुल दखल नहीं देने वाला। चीन ने ईरान में अरबों डॉलर का निवेश कर वहां के नैचुरल रिसोर्सेज के साथ-साथ तेल और अन्य संसाधनों में भारी निवेश किया है। जबकि पाकिस्तान में भी चीन ने इसी तरह का निवेश किया है। लेकिन भौगोलिक दृष्टिकोण से चीन के लिए ईरान हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है। अभिषेक कहते हैं कि ईरान और अरब देशों की मित्रता में चीन का बड़ा योगदान रहा है। पाकिस्तान के भीतर आवाज उठ रही है कि ईरान के ऊपर बदले की कार्रवाई में चीन किसी तरीके की बड़ी मदद करेगा, ऐसा संभव होता नहीं दिख रहा है। उनका कहना है कि यह जरूर है कि चीन, ईरान और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता कर इस मामले को सुलझवाने में भले कोई मदद करे, लेकिन पाकिस्तान के ऊपर हुए हमले में बदले की कार्रवाई सेना पाकिस्तान का साथ नहीं देने वाला। उनका कहना है कि चीन हमेशा से अपने फायदे के लिए ही पाकिस्तान का इस्तेमाल करता आया है।

विदेशी मामलों के जानकारों का मानना है कि पाकिस्तान के ऊपर ईरान के इस हमले का असर विदेश से मिलने वाली वित्तीय मदद पर भी पड़ने वाला है। इंटरनेशनल इकॉनमिक फोरम के सदस्य पीके दत्त कहते हैं कि यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान के ऊपर इस तरीके की सर्जिकल स्ट्राइक हुई है। उनका कहना है आईएमएफ जैसी संस्थाएं भी उन्हीं देशों के लिए फंड रिलीज करती हैं, जिनकी छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके बनाए मानकों को पूरा करती हो। दत्त कहते हैं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकियों के ठिकाने होने और फिर उसके बाद उनके ऊपर किए जाने वाली एयर स्ट्राइक इस बात की तस्दीक करते हैं कि ऐसे मुल्कों में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। क्योंकि पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद लचर है। ऊपर से ईरान की और से की गई एयर स्ट्राइक यह बताती है कि आतंकियों को पाकिस्तान पनाह दे रहा है, जिससे उसके देश में अस्थिरता बन रही है। इन दशाओं में आईएमएफ समेत दुनिया की प्रमुख एजेंसी वित्तीय तौर पर मदद करने में हाथ पीछे खींच लेती हैं। इसलिए पाकिस्तान पर हुई एयर स्ट्राइक से उसकी वित्तीय स्थिति भी बिगड़ने वाली है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next