अमेरिका में भारतीय मूल की एक महिला पर अपने ही नवजात की हत्या करने की कोशिश का आरोप लगा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला पर आरोप है कि उसने चोरी-छिपे, बाथरूम में एक बच्चे को जन्म दिया और खिड़की से गली में फेंक दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, नवजात को गहरी चोटें लगी हैं, ऊंचाई से फेंके जाने के बाद उसे सिर से रक्तस्राव, मस्तिष्क में सूजन, फ्रैक्चर सहित कई परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। रविवार को हुई इस घटना के बाद बच्चे की 23 वर्षीय मां सबिता दुकराम को पहले एक अस्पताल में ऑब्जर्वेशन में कुछ समय रखा गया और फिर पुलिस थाने ले जाया गया।
महिला ने पूछताछ के दौरान कहा कि वह अनजाने में एक बच्चे की मां बन गई। महिला ने कहा कि उसने बाथटब में बच्चे को जन्म दिया और घबराकर बाथरूम की खिड़की से बाहर फेंक दिया। एनबीसी न्यूयॉर्क टीवी के अनुसार, एक पड़ोसी ने बच्चे को रोते हुए पाया और तुरंत पुलिस को खबर की। फिलहाल नवजात को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।