अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव से करीब बीस दिन पहले रिपब्लिकन और डेमोक्रेट उम्मीदवारों में कांटे की टक्कर चल रही है। हालांकि ताजा सर्वे के मुताबिक, फिलहाल राष्ट्रपति ट्रंप के मुकाबले डेमोक्रेट प्रत्याशी जो बिडेन अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। ताजा सर्वे में पता चलता है कि अमेरिका के 51 में से 12 राज्यों में कांटे की टक्कर है जबकि कुछ राज्यों में बिडेन सीधी बढ़त बनाए हुए हैं।
जिन राज्यों में ट्रंप और बिडेन के बीच कांटे की टक्कर है उनमें फ्लोरिडा, एरिजोना, जॉर्जिया, आयोवा, मेन, मिशिगन, मिनेसोटा, नेवादा, न्यू हैम्पशायर, उत्तरी कैरोलिना, पेंसिल्वेनिया और विस्कॉन्सिन राज्य शामिल हैं। यहां दोनों उम्मीदवारों को बराबरी का समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है और यही राज्य अमेरिकी चुनाव में निर्णायक साबित होंगे।
न्यूयॉर्क टाइम्स और सिएना कॉलेज सर्वे की मंगलवार को जारी सर्वे रिपोर्ट में बताया गया कि बिडेन को विस्कॉन्सिन में 10 अंकों और मिशिगन में आठ अंकों की बढ़त मिली है। जबकि सीबीएस न्यूज और यूगोव ट्रैकिंग सर्वें रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप मिशिगन और नेवादा दोनों राज्यों में अपने प्रतिद्वंद्वी से पीछे चल रहे हैं। इनके अलावा पेंसिल्वेनिया में बिडेन ने पांच फीसदी अंक की बढ़त पाई है।
खुद को ट्रंप का मोहरा नहीं बनने दूंगी : बैरेट
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की जज के रूप में नामित एमी कोनी बैरेट ने करीब 12 घंटे के सवाल-जवाब सत्र के दौरान जोर देकर कहा कि वे तीन नवंबर को होने वाले आम चुनाव में न तो खुद का इस्तेमाल होने की अनुमति देंगी और न ही ट्रंप का मोहरा बनेंगी। उन्होंने स्वास्थ्य देखभाल, गर्भपात के अधिकार और चुनाव विवाद समेत कई मामलों में चुप्पी बरती। बैरेट ने कहा कि 'मैं कानून को नष्ट करने के मिशन पर नहीं हूं।'
ट्रंप ने डांस किया, कहा- ‘सुपरमैन’ महसूस कर रहा हूं
राष्ट्रपति ट्रंप ने कोविड-19 से आजाद होते ही चुनावी प्रचार में जुट गए हैं। ट्रंप ने कहा कि 'उपचार के बाद बीमारी के खिलाफ उनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो गई है और वे खुद को ‘सुपरमैन’ की तरह महसूस कर रहे हैं।' वे ओरलैंड की सभा में भीड़ देखकर इतने गदगद हो गए कि भाषण के लिए तैयार मंच पर ही डांस करने लगे। उनके समर्थक भी थिरकने लगे। इसका सोशल मीडिया पर मजाक बनाया गया। रैली में ट्रंप ने कहा कि 'नींद में रहने वाले बिडेन चीन को राहत देंगे जो अमेरिका के लिए सबसे बड़ा खतरा है।'
अराजक और विभाजनकारी है ट्रंप का नेतृत्व : बिडेन
डेमोक्रेटिक प्रत्याशी जो बिडेन ने फ्लोरिडा में रैली करते हुए डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व को ‘अराजक और विभाजनकारी’ बताया। उन्होंने कहा कि 'अमेरिकियों को भारी कीमत चुकानी पड़ी है।' बिडेन ने कहा कि 'ट्रंप ने संक्रमण से निपटने के लिए जिस तरह से काम किया वह उनके राष्ट्रपति काल की ही तरह ‘ढुलमुल’ था।' उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप लोगों की जिंदगियों के साथ खेल रहे हैं और उन्हें सिर्फ अपनी ही चिंता है।