माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने के बाद भारतीय मूल का एक सिंगापुरी पर्वतारोही लापता हो गया। उसके परिवार ने सरकार से उसकी स्थिति का तत्काल पता लगाने की मांग की है। ‘चेंज ऑर्गेनाइजेशन’ की वेबसाइट पर दाखिल एक याचिका के अनुसार, श्रीनिवास सैनी दत्तात्रेय (39) माउंट एवरेस्ट फतह करने के लिए पिछले महीने सिंगापुर से नेपाल पहुंचे थे। श्रीनिवास की रिश्ते की बहन दिव्या ने लिखा कि ऐसा लगता है कि उन्हें ठंड लगी हो और बेहद ऊंचाई पर होने के कारण वह बीमार पड़ गए। आखिरी संदेश में पत्नी से कहा, पहुंच तो गया हूं, लेकिन वापस नीचे लौटने की संभावना नहीं है। पिछले महीने एवरेस्ट फतह करने के लिए सिंगापुर से नेपाल पहुंचे थे श्रीनिवास सैनी दत्तात्रेय।
उत्तरी मेक्सिको में कार शो के दौरान गोलीबारी, 10 लोगों की मौत
मेक्सिको सिटी। उत्तरी मेक्सिको के बाजा कैलिफोर्निया में शनिवार को एक कार शो में हुई गोलीबारी में कम से कम 10 लोग मारे गए, जबकि नौ घायल हो गए। यह हमला एनसेनडा शहर के सैन विसेंट क्षेत्र में एक ऑल-टेरेन कार रेसिंग शो के दौरान हुआ। सूचना के अनुसार, स्लेटी रंग की एक कार से उतरे बंदूकधारियों ने प्रतिभागियों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। मेयर अर्मांडो अयाला रोबलेस ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है।
पाकिस्तान के लिए जासूसी में तीन एजेंटों को ७-७ वर्ष की कैद
जयपुर में फरवरी 2017 में पाकिस्तान के लिए जासूसी करते हुए पकड़े गए तीन एजेंट को राजस्थान की अदालत ने सात-सात साल कठोर कारावास की सजा सुनाई है। भारतीय सेना की गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तानी हैंडलर को भेजने के लिए पकड़े गए सद्दीक खान, बरियाम खान और हाजी खान को जयपुर महानगर प्रथम कोर्ट ने सजा सुनाई है।
खुफिया विभाग के तत्कालीन एडिशनल एसपी राजीव दत्ता ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत बॉर्डर इलाके से इन्हें गिरफ्तार किया था। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस इंटेलिजेंस एस सेंगाथिर ने बताया कि सीमावर्ती जिले जैसलमेर में रहकर सामरिक महत्व की गोपनीय सूचनाएं इकट्ठा कर पाकिस्तान स्थित गुप्तचर एजेंसियों को भेजने के आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया गया था।
फुटबाल मैच के दौरान भगदड़ 12 लोगों की मौत, 500 घायल
मध्य अमेरिकी देश अल सल्वाडोर में शनिवार को एक फुटबाल मैच के दौरान स्टेडियम में मची भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 500 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें 100 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है। स्टेडियम में चीख-पुकार के बीच लोगों को बचाने के प्रयासों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जो हताहतों की संख्या में इजाफे का संकेत देते हैं। राष्ट्रीय नागरिक पुलिस ने ट्वीट किया, कस्कैटलान के मॉन्युमेंटल स्टेडियम में क्लब एलियांजा व एफएएस के बीच मैच में 12 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
वाह महाराज...कमाल कर दिया 70 की उम्र में छत्तीसगढ़ के मंत्री ने की स्काई डाइविंग
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव इस बार सियासत से इतर ऊंचाइयां पाने के कारण चर्चा में हैं। 70 साल की उम्र में भी जोश दिखाते हुए उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में स्काई डाइविंग का लुत्फ उठाया। सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, आकाश में पहुंचने की कोई सीमा नहीं है। मुझे ऑस्ट्रेलिया में स्काई डाइविंग का शानदार अवसर मिला। यह असाधारण रूप से रोमांचक और आनंददायक अनुभव रहा। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया दी, वाह महाराज साहब! आपने तो कमाल कर दिया! हौसले यूं ही बुलंद रहें। शुभकामनाएं। सिंहदेव अक्सर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद भूपेश बघेल के साथ ढाई-ढाई साल सीएम पद बांटने पर सहमति के बाद भी खाली हाथ रहने के कारण चर्चा में रहते हैं।