भारतीय मूल के लक्ष्मण नरसिम्हन ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर स्टारबक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्यभार संभाला। इसके साथ ही वह उन वैश्विक व्यापारिक नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं, जो बहुराष्ट्रीय निगमों में शीर्ष पदों पर हैं। पिछले साल सितंबर में स्टारबक्स ने घोषणा की थी कि नरसिम्हन कंपनी के अगले सीईओ और निदेशक मंडल के सदस्य होंगे। स्टारबक्स कॉफी हाउस की मल्टीनेशनल चेन चलाने वाली कंपनी है।
स्टारबक्स ने एक बयान में कहा कि लक्ष्मण नरसिम्हन ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी की भूमिका संभाल ली है और वह कंपनी के निदेशक मंडल में शामिल होंगे। नरसिम्हन 23 मार्च को स्टारबक्स की वार्षिक शेयरधारक बैठक का नेतृत्व करेंगे। कंपनी ने कहा कि इस भूमिका में आने के साथ ही नरसिम्हन लीडरशिप टीम को इंगेज करना जारी रखेंगे, अपनी शुरुआती सीख और अंतर्दृष्टि साझा करेंगे और कंपनी के लिए अवसरों का आकलन करेंगे।
नरसिम्हन, ब्रिटेन स्थित उपभोक्ता स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण बहुराष्ट्रीय कंपनी रेकिट बेंकिजर के पूर्व सीईओ रहे हैं। उनके पास वैश्विक उपभोक्ता सामान व्यवसायों का नेतृत्व करने और खुदरा, किराना, रेस्तरां और ई-कॉमर्स कंपनियों को सलाह देने का लगभग 30 साल का अनुभव है।
उन्होंने ने भारत के पुणे विश्वविद्यालय में कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है। उन्होंने पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय में लॉडर इंस्टीट्यूट से जर्मन और अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन में मास्टर ऑफ आर्ट्स (एम.ए.) और पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से फाइनेंस में मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) भी किया है।
मास्टरकार्ड के पूर्व सीईओ अजय बंगा को पिछले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने विश्व बैंक का नेतृत्व करने के लिए नामित किया था।