विदेश मंत्री एस जयशंकर गुरुवार को बाली में व्यस्त रहे। उन्होंने यहां कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ मुलाकात कर आपसी रिश्तों को मजबूत करने पर जोर दिया। जयशंकर जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने इंडोनेशियों के बाली पहुंचे हैं।
जयशंकर व सेनेगल के विदेश मंत्री एसाता टाल साल टाल साल ने कृषि, स्वास्थ्य और उर्वरक उत्पादन सहित विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। इसके बाद विदेश मंत्री जयशंकर ने ट्वीट किया, 'सेनेगल के विदेश मंत्री टाल साल के साथ उपयोगी बैठक की। हम कृषि, स्वास्थ्य, उर्वरक उत्पादन, रेलवे, बिजली और सौर ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए।'
मैक्सिको के विदेश मंत्री कासाबोन से मिले
उन्होंने मैक्सिको के विदेश मंत्री मार्सेलो एब्रार्ड कासाबोन से भी मुलाकात की। इसके बाद जयशंकर ने ट्वीट कर लिखा, 'दोनों देशों ने अंतरिक्ष, कृषि, फार्मास्यूटिकल्स हमारे विस्तारित सहयोग का उल्लेख किया। हमारे बढ़ते व्यापार का स्वागत किया गया।'
जयशंकर ने आज अर्जेंटीना के विदेश मंत्री सैंटियागो कैफिएरो और दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री नलेदी पंडोर से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा, 'अर्जेंटीना के विदेश मंत्री से मिलकर अच्छा लगा। नई दिल्ली और म्यूनिख में हमारी हालिया बैठकों का जिक्र करते हुए उन्होंने यह बात कही।
विदेश मंत्री जयशंकर ने एक अन्य ट्वीट में लिखा,'दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री नलेदी पंडोर को बाली में देखकर अच्छा लगा। जी 20 बैठक में उन्हें सुनने के लिए उत्सुक हूं।' विदेश मंत्री ने बाली में यूरोपीय विदेश नीति के प्रमुख जोसेप बोरेल से भी मुलाकात की, जहां उन्होंने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) वार्ता सहित अन्य द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति को स्वीकार करने के साथ-साथ यूक्रेन संघर्ष पर भी चर्चा की।
जी-20 में हैं ये देश
G-20 देशों में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, जर्मनी, फ्रांस, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, अमेरिका और ब्रिटेन शामिल हैं।