प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में द्विपक्षीय बैठक हुई। विदेश सचिव गोखले ने इस बैठक के बारे में बताया कि हमने इस दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
गोखले ने कहा, 'यह बैठक करीब 30 से 45 मिनट तक चली, हम इस बैठक से काफी संतुष्ट हैं। हमने आतंकवाद के संबंध में उन चुनौतियों को उठाया जिनका हम सामना करते हैं, खास तौर पर जम्मू-कश्मीर में।'
गोखले ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह साफ कर दिया है कि हम पाकिस्तान से बातचीत करने से पीछे नहीं हट रहे हैं लेकिन इससे पहले हम पाकिस्तान से उम्मीद करते हैं कि वह कुछ सख्त कदम उठाए, लेकिन हमें उनका कोई प्रयास नहीं दिख रहा है।
उन्होंने कहा, आतंकवाद के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने हमारा पक्ष रखा, राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे समझा, उन्होंने इसे माना और यह भी स्वीकार किया कि यह ऐसी चुनौती है जिसका दोनों देशों को एक साथ सामना करना होगा।
'व्यापार को लेकर कई मुद्दों पर हुई प्रगति'
विदेश सचिव ने बताया कि, 'पीयूष गोयल न्यूयॉर्क गए हैं। वह अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि लाइटहाइजर के साथ चर्चा कर रहे हैं, कई मुद्दों पर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। दोनों नेता आने वाले समय में व्यापार समझौते तक पहुंचने के लिए आशान्वित थे।'