भारतीय विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) जयदीप मजूमदार ने 7-8 जून को लाओस स्थित वीनतियाने में पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और आसियान क्षेत्रीय मंच के अधिकारियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। मजूमदार ने आतंक से पैदा खतरों के बारे में चिंता साझा की और इस बारे में सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया। 7 जून को बैठक की अध्यक्षता लाओस के उप विदेश मंत्री थोंगफेन सावनफेट ने की।
बैठक में हिंद-प्रशांत पर आसियान आउटलुक का कार्यान्वयन और दक्षिण चीन सागर, गाजा, कोरियाई प्रायद्वीप, म्यांमार की स्थिति जैसे क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को सुलझाने पर जोर दिया गया। सभी ने 4-5 जुलाई को मुंबई में समुद्री सुरक्षा सहयोग पर आयोजित होने वाले छठे ईएएस सम्मेलन के लिए भारत द्वारा दिए गए निमंत्रण का स्वागत किया। बैठक में भविष्य की योजनाओं और गतिविधियों पर चर्चा भी की गई।
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के लिए शुभकामनाएं दी। नेपाली पीएम ने लिखा कि 'मैंने भारत के प्रधानमंत्री को लगातार तीसरे कार्यकाल की बधाई दी। हमने नेपाल और भारत के संबंधों को मजबूत करने के संबंध में चर्चा की। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में हमारे भारत के साथ संबंध और मजबूत और समृद्ध होंगे।'
पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, सिंगापुर के नेताओं ने दी बधाई
पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, सिंगापुर के नेताओं ने मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके बड़े भाई एवं सत्तारूढ़ पार्टी के प्रमुख नवाज शरीफ ने नरेन्द्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने पर सोमवार को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने भी मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने पर बधाई दी।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री एवं पाकिस्तान मुस्लिम लीग (पीएमएल-एन) के प्रमुख नवाज शरीफ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि हाल के चुनाव में मोदी की सफलता उनके नेतृत्व में लोगों के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मोदी इस अवसर का लाभ दक्षिण एशिया के दो अरब लोगों के भाग्य को आकार देने में उठाएं। नवाज ने कहा, ‘‘तीसरी बार सत्ता संभालने पर मोदी जी को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। हाल के चुनाव में आपकी पार्टी की सफलता आपके नेतृत्व में लोगों के विश्वास को दर्शाती है। आइए हम नफरत को आशा से बदलें और दक्षिण एशिया के दो अरब लोगों के भाग्य को आकार देने के लिए अवसर का लाभ उठाएं।’’
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने चीन से लौटने के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मोदी को बधाई दी। भारत के पड़ोस से शहबाज ही एक ऐसे नेता थे जिन्हें नई दिल्ली में मोदी के शपथग्रहण समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया। शहबाज ने कहा, ‘‘भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर नरेन्द्र मोदी को बधाई।’’
वहीं, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने भारत के लोगों के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की और उन्हें ऐतिहासिक तीसरे कार्यकाल के लिए उनकी चुनावी जीत पर बधाई दी। रामफोसा ने भारत के लोगों को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने और चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए भी बधाई दी जो 19 अप्रैल से एक जून तक सात चरणों में संपन्न हुई।
इस बीच, सिंगापुर के प्रधान मंत्री लॉरेंस वोंग ने भी नरेन्द्र मोदी को उनके फिर से प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। वोंग ने रविवार को अपने भारतीय समकक्ष को लिखे एक बधाई पत्र में कहा कि मोदी ने पिछले दशक में "भारत के उल्लेखनीय परिवर्तन को बढ़ावा दिया और लाखों लोगों के जीवन का उत्थान किया"। सिंगापुर के विदेश मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी किए गए पत्र में वोंग के हवाले से कहा गया, "मुझे विश्वास है कि आपके (मोदी) नेतृत्व में भारत बढ़ता रहेगा और समृद्ध होता रहेगा।"
पाकिस्तान: पोलियो रोधी अभियानों के दौरान मारे गए 15 पुलिसकर्मी
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में इस साल मई तक पोलियो रोधी अभियानों के दौरान आतंकवादियों ने पोलियो टीका लाने वालों की सुरक्षा में लगे 15 पुलिसकर्मियों की हत्या की। जबकि 36 अन्य घायल हुए। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। पाकिस्तान में आतंकी पोलियो टीका लगाने वालों को गैर इस्लामी और शरीयत विरोधी बताकर उन्हें निशाना बनाते हैं।
तय समय से तीन दिन पहले नेपाल पहुंचा मॉनसून
मॉनसून उम्मीद से तीन दिन पहले नेपाल पहुंच गया। हिमालयी राष्ट्र में औसत से 35 फीसदी से 55 फीसदी अधिक बारिश होने की उम्मीद है। नेपाल के मौसम पूर्वानुमान विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि मॉनसून देश के पूर्वी कोशी प्रांत से प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा, इस साल मॉनसून ने हाल ही में पूर्वी नेपाल से देश में प्रवेश किया है। यह तय पूर्वानुमान से तीन पहले ही आ गया। विभाग ने कहा कि 13 जून इस साल मॉनसून के आगमन की संभावित तारीख है। यह धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ेगा।