पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के ट्वीट के बाद शनिवार को भाजपा ने विपक्षी दलों को आड़े हाथ लिया। केंद्रीय रेलवे मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, एकतरफ प्रधानमंत्री मोदी ने नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तान के बालाकोट में वायुसेना को भेजकर आतंक की जड़ों पर प्रहार किया और दूसरी तरफ विपक्षी दल पड़ोसी देश की बहस को मजबूती देने का प्रयास कर रहे हैं।
गोयल ने इमरान खान के ट्वीट को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, जब आपके पास सैम पित्रोदा, फारूक अब्दुल्ला और अन्य कांग्रेसी नेताओं जैसे लोग होते हैं, जो अपनी सरकार व सेना पर अविश्वास करते हैं, तो निश्चित तौर पर आप आतंक के पनाहगारों के हाथ मजबूत करते हैं।
गोयल की यह प्रतिक्रिया नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला के उस बयान के बाद आई है, जिसमें अब्दुल्ला ने कहा था कि आज ही अमेरिका की सरकार ने बयान दिया है कि पाकिस्तान के पास जितने भी एफ-16 विमान हैं, वे बिल्कुल ठीक हैं, एक भी नहीं गिरा है। झूठ की भी बुनियाद होती है मोदी जी, कब तक झूठ बोलते रहोगे? क्यों झूठ बोलते हो?