फॉक्स न्यूज के एक प्रतिनिधि ने पुष्टि की कि तुलसी गबार्ड अगले हफ्ते से कार्यक्रमों में आना शुरू कर देंगी। गबार्ड रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बाइडन प्रशासन की आलोचना करती रही हैं।
पू्र्व सांसद तुलसी गबार्ड फॉक्स न्यूज चैनल में शामिल हो गई हैं। उन्होंने पिछले महीने डेमोक्रेटिक पार्टी को छोड़ दिया था। इसकी जानकारी एक मीडिया रिपोर्ट में दी गई है। वहीं तुलसी गबार्ड ने अमेरिकी कांग्रेस में पहली बार हिंदू सांसद होने का गौरव हासिल प्राप्त किया था।
विज्ञापन
अगले हफ्ते से कार्यक्रमों में आना शुरू कर देंगी तुलसी गबार्ड
फॉक्स न्यूज के एक प्रतिनिधि ने एक स्थानीय मीडिया से बात करते हुए पुष्टि की कि तुलसी गबार्ड ने इस हफ्ते एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं और वह अगले हफ्ते से कार्यक्रमों में आना शुरू कर देंगी। कांग्रेस में पहली हिंदू अमेरिकी गबार्ड रूस के यूक्रेन पर आक्रमण से निपटने के लिए बाइडन प्रशासन की आलोचना करती रही हैं।
मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन राजनेताओं के समर्थन और प्रचार किया
डेमोक्रेटिक पार्टी से अलग होने के बाद गबार्ड को अक्सर न्यूज चैनलों पर अतिथि के रूप में देखा गया है। नवंबर 2022 के मध्यावधि चुनावों के दौरान, उन्होंने रिपब्लिकन राजनेताओं के लिए समर्थन और प्रचार किया, जिसको लेकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि वह जल्द ही रिपब्लिकन पार्टी से जुड़ जाएंगी। गबार्ड ने 11 अक्टूबर को घोषणा की थी कि वह डेमोक्रेटिक पार्टी छोड़ रही हैं।