इस्राइल और लेबनान के बीच लगातार तनाव बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को लेबनान समर्थित हिज्बुल्ला ने उत्तरी इस्राइल में एक के बाद एक 3 हमलों को अंजाम दिया है। इन तीन हमलों नें हिज्बुल्ला आतंकियों ने करीब 170 मिसाइलें दागीं। अभी तक इन हमलों में हुए नुकसान का पता नहीं चल सका है।
इससे पहले लेबनान में पेजर और वायरलेस जैसी छोटी डिवाइसों के जरिए सैंकड़ों लोगों को निशाना बनाने के बाद इस्राइल ने गुरुवार देर हिजबुल्ला के ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले कर दिए। सेना ने बताया लड़ाकू विमानों ने बमबारी करके उन सैकड़ों रॉकेट लॉन्चर बैरलों को नष्ट कर दिया, जिन्हे इस्राइल की ओर दागा जाना था।
इस्राइली रक्षा बल (आईडीएफ) ने कहा कि लड़ाकू विमानों ने दोपहर से लेकर देर रात तक करीब 100 रॉकेट लॉन्चरों पर हमला किया, जिनमें लगभग एक हजार बैरल थे। आईडीएफ का कहना है कि, वह अपने देश की रक्षा के लिए हिज्बुल्ला आतंकवादी संगठन के बुनियादी ढांचे और क्षमताओं को नष्ट करने के लिए हमला करना जारी रखेगा।
संयुक्त राष्ट्र शांति सेना ने सभी पक्षों से युद्ध रोकने का किया आग्रह
इस्राइली सेना और लेबनान समर्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्ला में युद्ध छिड़ गया है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र शांति सेना (यूएन पीसमेकर) ने शुक्रवार को लेबनान-इस्राइली सीमा पर युद्ध के बढ़ते तनाव को कम करने का आग्रह किया है। प्रवक्ता एंड्रिया टेनेंटी ने कहा कि हम ब्लू लाइन पर दोनों पक्षों के प्रमुख नेताओं से तुरंत युद्ध समाप्त करने का आग्रह करते हैं। ब्लू लाइन लेबनान और इस्राइल के बीच की सीमा को कहा जाता है।
अमेरिका ने की सभी पक्षों को संयम बरतने की अपील
इधर, इस्राइल और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने सभी पक्षों से संयम बरतने का आह्वान किया है। साथ ही दोनों से ऐसी कार्रवाइयों से बचने का आग्रह भी किया, जो संघर्ष को और बढ़ा सकती हैं। बता दें कि बाइडन प्रशासन गाजा में इस्राइल और हमास के बीच युद्ध विराम के लिए मध्यस्थता करने के लिए संघर्ष कर रहा है। अब उसके सामने मध्य पूर्व में संघर्ष को रोकने की बी अतिरिक्त चुनौती आ गई है।