अमेरिका के लुइसियाना में चार साल की एक बच्ची को शराब पिलाकर मारने का मामला सामने आया है। मौत के मामले में उसकी दादी और मां पर हत्या का केस दर्ज हुआ है। दादी पर आरोप है कि उसने सजा के तौर पर बच्ची को जबरन आधी बोतल शराब पिला दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में मौत हो गई। इस दौरान बच्ची की मां ये सब होते हुए चुपचाप देखती रही।
दादी ने नातिन को जबरन शराब पिलाई
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, लुइसियाना में रहने वाली 53 साल की आरोपी महिला का नाम रौक्सेन (बच्ची की दादी) है। रौक्सेन पर आरोप है कि उसने चार साल की अपनी नातिन को अपनी आधी बोतल व्हिस्की जबरन पिला दी, जिसके बाद बच्ची की मौत हो गई।
रौक्सेन की इस खौफनाक हरकत को बच्ची की मां काजाह (28) चुपचाप खड़े होकर देखती रही। इसके कारण रौक्सेन के साथ काजाह पर भी हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। गुरुवार को हुई इस घटना की जांच में पता चला है कि बच्ची के ब्लड में अल्कोहल का स्तर .068 था, जो 21 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए .08 की कानूनी सीमा से आठ गुना अधिक था।
शराब का एक घूंट लेने पर दादी हुई नाराज
सूचना पर जब पुलिस रौक्सैन के घर पहुंची तो उन्होंने बच्ची को बेसुध पड़े पाया। पूछने पर बच्ची के भाई-बहनों ने बताया कि दादी नाराज थी क्योंकि बच्ची ने उनकी व्हिस्की का एक घूंट लिया था। इससे गुस्साई रौक्सेन ने सजा देने के लिए उसे फर्श पर घुटने टेकने और बोतल में बची आधी व्हिस्की को खत्म करने के लिए मजबूर किया। जबरन बच्ची को व्हिस्की पिलाने के बाद उसके ब्लड में अल्कोहल की मात्रा बढ़ गई और उसकी मौत हो गई।