सार
अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वाले 241 लोगों में शामिल अर्जुन पटोलिया की दो अनाथ बेटियों के लिए लंदन स्थित भारतीय समुदाय ने आर्थिक सहायता जुटाने की पहल की है। 'गो फंड मी' अभियान के तहत पहले दिन ही लक्ष्य का आधा फंड इकट्ठा हो गया। यह राशि ट्रस्ट के जरिए बेटियों की शिक्षा व देखभाल पर खर्च की जाएगी।
लंदन में रह रहे भारतीय समुदाय ने अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना के पीड़ितों के ब्रिटेन स्थित परिवार वालों की सहायता के लिए पैसे जुटाने के लिए एकजुटता दिखाई है। इसमें दो अनाथ बच्चों के लिए तत्काल सहायता भी शामिल है। दुर्घटना के 241 पीड़ितों में से एक अर्जुन पटोलिया अपनी पत्नी भारती की इच्छा पूरी करने के लिए उनकी अस्थियों को विसर्जित करने गुजरात आए थे। उनके दोस्तों और परिवार ने शुक्रवार को उनकी दो बेटियों की आर्थिक सहायता के लिए एक ऑनलाइन 'गो फंड मी' अभियान शुरू किया। पहले दिन ही लक्ष्य का आधे से अधिक धन जुटा लिया है।
अर्जुन की कंपनी इंस्पायर्ड एलिमेंट्स के विनोद खिमजी ने कहा, 18 दिनों में दो छोटी बहनों (चार और आठ साल की) ने माता-पिता को खो दिया। जुटाई गई राशि कानूनी ट्रस्ट में रखी जाएगी या उनकी बेटियों की शिक्षा और अन्य जरूरतों के लिए उनके नियुक्त कानूनी अभिभावकों द्वारा प्रबंधित किया जाएगा। इंग्लैंड के नॉर्थम्प्टन निवासी अबधी पटेल के परिवार के लिए भी इसी तरह का प्रयास शुरू किया गया है। उनके पति पंकज और आठ वर्षीय बेटे मीर पटेल के मदद के लिए रकम जुटाई गई है।
ये भी पढ़ें:- Ahmedabad Plane Crash: तकनीकी खामी या ईंधन की कमी, हादसे की वजह क्या? एविएशन विशेषज्ञ आलोक सिंह ने क्या कहा
पीड़ितों की मदद के लिए ब्रिटेन ने अहमदाबाद में खोला सहायता केंद्र
भारत में ब्रिटिश उच्चायोग ने अहमदाबाद हवाईअड्डे के पास सहायता केंद्र खोला है। यह केंद्र ब्रिटिश नागरिकों के परिवारों, दोस्तों को मदद और सलाह देने लिए उम्मेद होटल में स्थापित किया गया है। शनिवार से यह केंद्र रोजाना सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। ब्रिटिश उच्चायोग ने अपने एक्स हैंडल पर यह जानकारी साझा की।
ये भी पढ़ें:- Air India Plane Crash LIVE: डीएनए टेस्ट से अब तक 19 मृतकों की पहचान; विजय रूपाणी के परिजनों से खरगे ने की बात
सरकार जवाबदेही तय करे, पीड़ितों के परिजनों को दे मुआवजा: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में विमान हादसे के पीड़ितों से मुलाकात की और उनका हाल जाना। अस्पताल के बाहर निकते वक्त खरगे ने पत्रकारों से कहा कि केंद्र सरकार को एअर इंडिया विमान हादेस में जवाबदेही तय करनी चाहिए। खरगे ने यह भी कहा कि केंद्र को मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवजा देना चाहिए।